एलएन मिश्रा कॉलेज में युवा संवाद का आयोजन, SIR और मतदाता जागरूकता पर युवाओं ने रखे विचार

  • Post By Admin on Oct 31 2026
एलएन मिश्रा कॉलेज में युवा संवाद का आयोजन, SIR और मतदाता जागरूकता पर युवाओं ने रखे विचार

मुजफ्फरपुर: लोकतंत्र की मजबूती में युवाओं की भागीदारी और जागरूक मतदाता की भूमिका को रेखांकित करते हुए 31 अक्टूबर 2026 को एल.एन. मिश्रा कॉलेज ऑफ बिजनेस मैनेजमेंट, मुजफ्फरपुर में ‘युवा संवाद’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मेरा युवा भारत, मुजफ्फरपुर के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में युवाओं को लोकतांत्रिक व्यवस्था, निर्वाचन प्रक्रिया और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की जानकारी दी गई। ‘आपका वोट, आपकी आवाज’ अभियान के तहत आयोजित संवाद में विद्यार्थियों ने मतदान के महत्व, अपने लोकतांत्रिक अधिकारों और नागरिक जिम्मेदारियों पर खुलकर चर्चा की। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को जागरूक मतदाता बनाने के साथ राष्ट्र निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी को प्रोत्साहित करना था।

कार्यक्रम में युवा आइकॉन आदित्य मधुकर ने विद्यार्थियों के साथ संवाद किया। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने विभिन्न विषयों पर सवाल पूछे और अपने विचार एवं सुझाव साझा किए। विद्यार्थियों ने लोकतांत्रिक प्रक्रिया, निर्वाचन व्यवस्था और युवाओं की भूमिका से जुड़े विषयों पर अपनी जिज्ञासाएं रखीं। इसके साथ ही भारतीय जनता युवा मोर्चा के उपाध्यक्ष कुल भूषण के साथ भी विद्यार्थियों ने संवाद किया। उन्होंने युवाओं के साथ लोकतांत्रिक सहभागिता और नागरिक जिम्मेदारी से जुड़े विषयों पर चर्चा की। कार्यक्रम में कुल भूषण तथा महाविद्यालय के निदेशक डॉ. मनीष कुमार की उपस्थिति रही।

संवाद सत्र के दौरान विद्यार्थियों को ‘आपका वोट, आपकी आवाज’ अभियान के अंतर्गत SIR (Special Intensive Revision) यानी विशेष गहन पुनरीक्षण के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। उन्हें मतदाता सूची के महत्व, उसमें नाम दर्ज कराने तथा निर्वाचन प्रक्रिया से संबंधित आवश्यक जानकारियों से अवगत कराया गया। विद्यार्थियों ने SIR और मतदाता सूची से जुड़े विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका समाधान किया गया। उन्होंने निर्वाचन प्रक्रिया को अधिक प्रभावी और सुगम बनाने के लिए अपने सुझाव भी प्रस्तुत किए। कार्यक्रम का एक महत्वपूर्ण हिस्सा मतदान जागरूकता की शपथ रहा। इसमें उपस्थित युवाओं ने जागरूक मतदाता बनने, लोकतांत्रिक मूल्यों का सम्मान करने तथा अपने परिवार और समाज के अन्य लोगों को भी मतदान के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।

इस आयोजन के माध्यम से युवाओं को निर्वाचन प्रक्रिया की जानकारी देने के साथ उन्हें अपने लोकतांत्रिक अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जिम्मेदार बनने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों को अपनी बात रखने, सवाल पूछने और लोकतांत्रिक व्यवस्था में युवाओं की भूमिका को समझने का अवसर प्रदान किया।