मुजफ्फरपुर सेंट्रल को-ऑपरेटिव बैंक की वित्तीय साक्षरता मुहिम, नुक्कड़ नाटक से डिजिटल ठगी के प्रति किया जागरूक

  • Post By Admin on Oct 31 2026
मुजफ्फरपुर सेंट्रल को-ऑपरेटिव बैंक की वित्तीय साक्षरता मुहिम, नुक्कड़ नाटक से डिजिटल ठगी के प्रति किया जागरूक

मुजफ्फरपुर: ग्रामीणों को सुरक्षित बैंकिंग, डिजिटल लेन-देन और वित्तीय धोखाधड़ी से बचाव के प्रति जागरूक करने के लिए दि मुजफ्फरपुर सेंट्रल को-ऑपरेटिव बैंक लिमिटेड की ओर से 31 अक्टूबर को कुढ़नी प्रखंड के भगवानपुर, केरमा डीह, पकाही और किनारू में जागरूकता अभियान चलाया गया।

कार्यक्रम में ग्रामीणों को KYC अपडेट, माइक्रो एटीएम, डिजिटल बैंकिंग, छोटी बचत तथा बीमा एवं पेंशन योजनाओं की जानकारी दी गई। शाखा प्रबंधक अनुराग आर्या ने अटल पेंशन योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना और प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के लाभों से अवगत कराया। इस दौरान श्री राजश्री इंटरप्राइजेज, पटना के कलाकारों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से साइबर ठगी और सुरक्षित बैंकिंग का संदेश दिया। उच्च विद्यालय भगवानपुर के प्रधानाध्यापक ब्रजेश कुमार ने भी ग्रामीणों को फर्जी एसएमएस, व्हाट्सएप संदेश और संदिग्ध लिंक से सावधान रहने की सलाह दी। बैंक की इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में वित्तीय जागरूकता बढ़ाना और लोगों को सुरक्षित एवं आत्मनिर्भर बैंकिंग के लिए प्रेरित करना है।