अमित शाह के खिलाफ कांग्रेस ने निकाला अंबेडकर सम्मान मार्च, जताया विरोध
- Post By Admin on Dec 25 2024

मुजफ्फरपुर : जिला कांग्रेस अध्यक्ष अरविंद कुमार मुकुल की अगुवाई में कांग्रेस पार्टी ने बीते मंगलवार को अंबेडकर सम्मान मार्च आयोजित किया। यह मार्च भारतीय संविधान के निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर के सम्मान में निकाला गया। जिसमें गृहमंत्री अमित शाह द्वारा दिए गए बयान के खिलाफ विरोध जताया गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इस दौरान बाबा साहेब अंबेडकर का अपमान करने का आरोप लगाते हुए गृहमंत्री से माफी की मांग की और प्रधानमंत्री से इस्तीफे की अपील की।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं का अंबेडकर सम्मान मार्च जिला कांग्रेस कार्यालय तिलक मैदान से शुरू होकर मोतीझील, सदर अस्पताल रोड होते हुए समाहरणालय परिसर पहुंचा। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद एक शिष्टमंडल ने जिलाधिकारी से मिलकर राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। जिसमें गृहमंत्री अमित शाह से तत्काल माफी की मांग की गई और प्रधानमंत्री से गृहमंत्री का इस्तीफा लेने की अपील की गई।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष अरविंद कुमार मुकुल ने कहा कि भारतीय संविधान के वास्तुकार डॉ. भीमराव अंबेडकर का अपमान लोकतंत्र और भारतीय राष्ट्रीय सम्मान पर सीधा हमला है। इस प्रकार का बयान गृहमंत्री अमित शाह द्वारा संसद में दिया गया है जो अत्यंत आपत्तिजनक और निंदनीय है।
नगर विधायक विजेंद्र चौधरी ने कहा कि अंबेडकर जी हमेशा समानता और न्याय के लिए लड़े। उनका अपमान न केवल उनके अनुयायियों का बल्कि पूरे देश का अपमान है। सकरा विधानसभा से पूर्व कांग्रेस प्रत्याशी उमेश कुमार राम ने कहा कि अंबेडकर जी भारतीय संस्कृति और धरोहर का हिस्सा हैं और भाजपा व आरएसएस उनकी धरोहर को नष्ट करने की साजिश कर रहे हैं।
जिला कांग्रेस प्रवक्ता समीर कुमार ने भाजपा पर आरोप लगाया कि पार्टी जानबूझकर अंबेडकर जी का अपमान कर देश का ध्यान भटकाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा, “जब देश की समस्याओं पर चर्चा होनी चाहिए, तब भाजपा संसद में हंगामा कर कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर एफआईआर दर्ज करवा रही है। यह पूरी घटना देश नहीं भूलेगा और न ही इसे बर्दाश्त किया जाएगा।”
अंबेडकर सम्मान मार्च में कांग्रेस के सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए। जिनमें धर्मवीर शुक्ला, मुकेश त्रिपाठी, लोकक्रांति यादव, केदार सिंह पटेल, अब्दुल वारिस सद्दाम, कृष्ण मुरारी सिंह, महेश लाल, सबिहुल हसन लालबाबू, कौशल चौधरी, डॉ. शंभू राम, मनौअर आजम, सविता श्रीवास्तव, रेयाज अहमद डेजी, दिलीप चौधरी, विकास कुमार टुल्लू, विक्की कुमार चौधरी, त्रिभुवन पटेल, रामइकबाल राय, आमिर, निशारुद्दीन छोटे, सकलदीप प्रसाद, इरफान अहमद, मो. सज्जाद, रामसागर कुशवाहा, अलख निरंजन शर्मा, लक्ष्मण ठाकुर, राजू सहनी, बबलु गुप्ता, आकर्ष चंद्रा सहित कई प्रमुख कार्यकर्ता शामिल थे।