महाशिवरात्रि पर लखीसराय में कड़ी सुरक्षा, 33 स्थलों पर दंडाधिकारी और पुलिस बल तैनात
- Post By Admin on Feb 14 2026
लखीसराय: महाशिवरात्रि पर्व को शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित और श्रद्धापूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था की तैयारियां पूरी कर ली हैं। 15 फरवरी 2026 को आयोजित होने वाले पर्व के मद्देनजर 33 स्थलों पर दंडाधिकारियों और पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है। सभी अधिकारी और कर्मी कुल पांच शिफ्टों में 24 घंटे ड्यूटी का निर्वहन करेंगे।
14 फरवरी 2026 को जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र और पुलिस अधीक्षक अवधेश दीक्षित की संयुक्त अध्यक्षता में अशोक धाम मंदिर परिसर में प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों की संयुक्त ब्रीफिंग आयोजित की गई। बैठक में पर्व के दौरान सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और यातायात व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र ने बताया कि प्रमुख मंदिरों, शिवालयों और धार्मिक स्थलों के साथ-साथ शहर के महत्वपूर्ण चौक-चौराहों, मार्गों, घाटों और जुलूस मार्गों पर विशेष चौकसी बरती जाएगी। भीड़ प्रबंधन के लिए बैरिकेडिंग, अलग-अलग प्रवेश एवं निकास मार्ग, पार्किंग व्यवस्था और ट्रैफिक डायवर्जन प्लान लागू किया गया है। यातायात पुलिस और जिला परिवहन विभाग को व्यवस्था सुचारू रखने के निर्देश दिए गए हैं।
मंदिर परिसरों और आसपास के क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से सतत निगरानी रखी जाएगी। महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पर्याप्त संख्या में महिला पुलिस बल तैनात किया गया है। अफवाहों और असामाजिक गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) एवं गश्ती दल सक्रिय रहेंगे। आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने हेतु स्वास्थ्य विभाग द्वारा मेडिकल टीम, एंबुलेंस और प्राथमिक उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। अग्निशमन विभाग को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। विद्युत विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति बनाए रखने के लिए निर्देशित किया गया है, ताकि रात्रि के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। जिला प्रशासन ने आम नागरिकों और श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे प्रशासनिक दिशा-निर्देशों का पालन करें, भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में सावधानी बरतें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल निकटतम पुलिस पदाधिकारी या नियंत्रण कक्ष को दें। नियंत्रण कक्ष 24 घंटे सक्रिय रहेगा।
ब्रीफिंग के दौरान उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शिवम कुमार, बढ़िया उपसमाहर्ता शशि कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार, इंद्रदमनेश्वर महादेव मंदिर के सचिव डॉ. कुमार अमित सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।