बिहार के कद्दावर नेता सुशील मोदी का निधन

  • Post By Admin on May 13 2024
बिहार के कद्दावर नेता सुशील मोदी का निधन

पटना: बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम और भाजपा के प्रमुख नेता सुशील मोदी का निधन हो गया है। भाजपा के कद्दावर नेता में शुमार सुशील कुमार मोदी 72 वर्षीय थे और कैंसर की बीमारी से पीड़ित थे। उनकी मौत की खबर के बाद बिहार की राजनीतिक दुनिया में शोक की लहर उमड़ गई है । उनके निधन की जानकारी बिहार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने एक एक्स पोस्ट के माध्यम से दी।

बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम सुशील कुमार मोदी ने अपने करियर में बहुत सारे महत्वपूर्ण पद निभाए थे। उन्हें बिहार के वरिष्ठ बीजेपी नेताओं में गिना जाता था। उनका निधन बीजेपी के लिए एक बड़ी क्षति है।

उनके निधन के बाद, डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा ने भी उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने लिखा कि सुशील मोदी का निधन एक अपूरणीय क्षति है।

सुशील मोदी को पिछले छह महीनों से कैंसर की बीमारी थी। उन्होंने अपने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के माध्यम से अपने बीमार होने की खबर साझा की थी।

सुशील कुमार मोदी का जन्म 5 जनवरी 1952 को बिहार के पटना में हुआ था। उनके पिता का नाम मोती लाल मोदी और माता का नाम रत्ना देवी था। उनकी पत्नी जेस्सी सुशील मोदी ईसाई धर्म से हैं। उनके दो बेटे भी हैं।

बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने भी शोक व्यक्त करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लिखा "बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री, हमारे अभिभावक, संघर्षशील एवं कर्मठ नेता आदरणीय श्री सुशील कुमार मोदी जी के असामयिक निधन की खबर सुन अत्यंत व्यथित हूँ। ईश्वर दिवगंत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान तथा परिजनों व शुभचिंतकों को दुख की इस घड़ी में सम्बल प्रदान करे। ॐ शांति ॐ" वहीं पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव ने लिखा "पटना यूनिवर्सिटी छात्र संघ के समय यानि विगत 51-52 वर्षों से हमारे मित्र भाई सुशील मोदी के निधन का अति दुःखद समाचार प्राप्त हुआ। वे एक जुझारू, समर्पित सामाजिक राजनीतिक व्यक्ति थे। ईश्वर दिवगंत आत्मा को चिरशांति तथा परिजनों को दुख सहने की शक्ति प्रदान करें।" बिहार के पूर्व नगर विकास एवं आवास मंत्री सुरेश कुमार शर्मा ने लिखा "बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री व पूर्व राज्यसभा सांसद माननीय सुशील मोदी जी के निधन पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि,यह बिहार भाजपा के साथ साथ बिहार के जनता के लिए अपूरणीय क्षति है ईश्वर आपकी आत्मा को शांति प्रदान करें।ॐ शांति शांति"

उनके निधन पर बिहार के संवेदनशील नागरिक और राजनीतिक दलों के नेताओं ने शोक व्यक्त किया। उन्हें उनकी योगदान के लिए हमेशा याद रखा जाएगा । वहीं सुशील कुमार मोदी के निधन पर मुजफ्फरपुर के भी कई लोगों ने शोक संवेदना प्रकट की है । साहित्यकार शिरोमणि डॉ. संजय पंकज ने कहा कि उनके निधन से बिहार की राजनीति को काफी झटका लगा है । बिहार के राजनीति के चाणक्य माने जाने वाले सुशील मोदी के निधन का असर बिहार के राजनीति में साफ देखा जा सकता है । उनके निधन पर समाजसेवी अविनाश तिरंगा, सुगंध कुमार, अखिलेश राय, सुधांशु कुमार, रंगकर्मी सोनू कुमार समेत अन्य ने शोक संवेदना प्रकट की है ।