सुदामा न्यूज़ : गूगल ने साल 2024 में भारत में सबसे ज्यादा सर्च किए जाने वाले लोगों की लिस्ट जारी की है। इस लिस्ट में राजनीति, खेल, बॉलीवुड और बिजनेस से जुड़ी हस्तियां शामिल हैं। सालभर की चर्चाओं और घटनाओं ने इन नामों को सुर्खियों में बनाए रखा। आइए जानते हैं टॉप-10 में कौन-कौन से नाम शामिल हैं:

10. लक्ष्य सेन

उत्तराखंड के बैडमिंटन खिलाड़ी लक्ष्य सेन ने पेरिस ओलंपिक 2024 में पुरुष एकल स्पर्धा के सेमीफाइनल तक पहुंचकर सबका ध्यान खींचा। हालांकि, सेमीफाइनल में हार के कारण उन्हें कांस्य पदक से भी वंचित रहना पड़ा। इसके बावजूद उनकी शानदार परफॉर्मेंस ने उन्हें सर्च लिस्ट में जगह दिलाई।

9. अभिषेक शर्मा

आईपीएल 2024 में अपने शानदार प्रदर्शन और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू के कारण अभिषेक शर्मा चर्चा में रहे। उनकी तेज बल्लेबाजी और प्रदर्शन ने क्रिकेट फैंस को आकर्षित किया।

8. राधिका मर्चेंट

अंबानी परिवार की नई बहू और अनंत अंबानी की पत्नी राधिका मर्चेंट इस साल अपनी भव्य शादी के कारण सुर्खियों में रहीं। उनकी शादी ने सोशल मीडिया और सर्च इंजन पर काफी हलचल मचाई।

7. पूनम पांडेय

बॉलीवुड अभिनेत्री पूनम पांडेय ने 2013 में फिल्म नशा से बॉलीवुड में डेब्यू किया। वह इंडस्ट्री में अपनी फिल्मों की वजह से कम अपने बयानों के कारण ज्यादा चर्चा में रहतीं हैं। वहीं 2024 में पूनम अपनी विवादित खबरों और झूठी मौत की अफवाहों के चलते गूगल पर काफी सर्च की गईं।

6. शशांक सिंह

आईपीएल 2024 में पंजाब किंग्स के लिए शानदार बल्लेबाजी करने वाले शशांक सिंह का नाम इस लिस्ट में शामिल होना हैरानी भरा रहा। उन्होंने कई मैचों में टीम को जीत दिलाई।

5. पवन कल्याण

आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री और पूर्व अभिनेता पवन कल्याण ने इस साल अपनी राजनीतिक भूमिका के चलते सुर्खियां बटोरीं। उनकी पार्टी जनसेना ने टीडीपी और भाजपा के साथ मिलकर चुनाव लड़ा और बड़ी जीत दर्ज की।

4. हार्दिक पांड्या

हार्दिक पांड्या साल 2024 में काफी ज्यादा चर्चा में रहे। फिर चाहे वो क्रिकेट को लेकर हो या फिर उनके पर्सनल लाइफ को लेकर। गूगल पर फैंस ने लगातार उन्हें सर्च किया है। क्रिकेटर हार्दिक पांड्या का नाम इस साल टी20 वर्ल्ड कप जीत और आईपीएल में शानदार प्रदर्शन के कारण फैंस ने उनके बारे में जानने के लिए गूगल पर उन्हें सर्च किया था। यह एक बड़ा कारण रहा कि वह इस लिस्ट का हिस्सा हैं।

3. चिराग पासवान

लोकसभा चुनाव में सफलता और केंद्रीय मंत्री बनने के बाद चिराग पासवान का नाम इस साल काफी चर्चा में रहा। युवा नेता के तौर पर उनकी लोकप्रियता ने उन्हें सर्च लिस्ट में तीसरा स्थान दिलाया।

2. नीतीश कुमार

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इस साल राजद का साथ छोड़कर एनडीए में वापसी कर राजनीति में हलचल मचा दी। लोकसभा चुनाव से पहले नीतीश कुमार ने एनडीए का साथ पकड़ लिया। इसके लिए उन्हें सोशल मीडिया पर काफी ट्रोल किया गया। नीतीश कुमार के इस फैसले और बयानों ने उन्हें लगातार चर्चा में बनाए रखा।

1. विनेश फोगाट

कुश्ती में पदक विजेता और कांग्रेस की ओर से हरियाणा विधानसभा चुनाव जीतने वाली विनेश फोगाट इस साल सबसे ज्यादा सर्च की गईं। उनकी राजनीतिक पारी की शुरुआत ने उन्हें सुर्खियों में ला दिया।