रामदयालु सिंह महाविद्यालय के पुस्तकालय भवन में पुस्तक प्रदर्शनी आयोजित

  • Post By Admin on Aug 12 2024
रामदयालु सिंह महाविद्यालय के पुस्तकालय भवन में पुस्तक प्रदर्शनी आयोजित

मुजफ्फरपुर : रामदयालु सिंह महाविद्यालय के पुस्तकालय भवन में पुस्तकालय विज्ञान के जनक डॉ. एस. आर. रंगनाथन के जन्मोत्सव के अवसर पर एक दो दिवसीय पुस्तक प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. अनिता सिंह ने डॉ. रंगनाथन के योगदान को रेखांकित करते हुए कहा कि वे भारत के महान गणितज्ञ और पुस्तकालय विज्ञान के संस्थापक थे। उन्होंने भारत में पुस्तकालय विज्ञान को एक नई दिशा दी और इसके प्रचार-प्रसार में अहम भूमिका निभाई। मद्रास यूनिवर्सिटी लाइब्रेरी में कार्यकाल के दौरान डॉ. रंगनाथन ने पुस्तकालय विज्ञान के पांच नियम बताए, जो आज भी लाइब्रेरियनशिप के लिए एक मार्गदर्शक सिद्धांत हैं। उनके कार्यों के सम्मान में उन्हें 1957 में भारत सरकार द्वारा पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित किया गया था।

डॉ. अनिता सिंह ने पुस्तकालय की महत्ता पर जोर देते हुए कहा कि पुस्तकालय एक जीवंत एवं गतिशील संस्था है, जो छात्रों और शिक्षकों के लिए एक अभिन्न अंग के रूप में कार्य करती है। उन्होंने कहा कि पुस्तकालय से बेहतर कोई दोस्त या मार्गदर्शक नहीं हो सकता, और यह संस्था ज्ञान के साक्षात्कार का अद्वितीय अवसर प्रदान करती है।

पुस्तकालयाध्यक्ष डॉ. पूनम कुमारी ने डॉ. रंगनाथन के योगदान को रेखांकित करते हुए बताया कि उन्होंने वैज्ञानिक पुस्तकालय और सूचना विज्ञान के सिद्धांतों को स्थापित किया और 'कोलोन वर्गीकरण कैटलॉग' प्रस्तुत किया, जो आज भी प्रचलन में है। उनकी पुस्तक "लाइब्रेरी साइंस के पांच नियम" वैश्विक स्तर पर मान्यता प्राप्त है और यह पुस्तकालय विज्ञान के छात्रों और शिक्षकों के लिए महत्वपूर्ण है।

प्रदर्शनी में गांधीजी का वांग्मय, दिग्विजय बाबू द्वारा लिखित पुस्तक "लोकसभा डिबेट", चारों वेद, पुराण, रामचरितमानस, बाल्मीकि रामायण, गीता, महाभारत, कुरान सहित विभिन्न आध्यात्मिक और साहित्यिक ग्रंथों का प्रदर्शन किया गया। इसके अलावा, शोधार्थियों के लिए संदर्भ ग्रंथों का भी व्यापक संकलन प्रदर्शनी में रखा गया था, जिसे शिक्षकों और पाठकों ने अत्यधिक ज्ञानवर्धक और शोध के लिए महत्वपूर्ण बताया।

इस अवसर पर डॉ. पूनम कुमारी, सबिता कुमारी, ललिता देवी, हरि कुमार पासवान, अशोक ठाकुर, प्रियंका कुमारी, नीतू कुमारी, डॉ. अनिल और अन्य शिक्षकों ने प्रदर्शनी के आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम में डॉ. रमेश प्रसाद गुप्ता, डॉ. सत्येंद्र प्रसाद सिंह, डॉ. आर एन ओझा, डॉ. संजय कुमार सुमन, डॉ. एम एन रजवी, डॉ. राजीव कुमार, डॉ. नेयाज अहमद सहित महाविद्यालय के अनेक शिक्षक मौजूद थे।