वीरेंद्र सहवाग के भाई गिरफ्तार, इस मामले में कोर्ट में चल रहा है केस
- Post By Admin on Mar 07 2025

चंडीगढ़ : पूर्व भारतीय क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग के भाई, विनोद सहवाग को चंडीगढ़ के मनीमाजरा थाना पुलिस ने दो साल पुराने चेक बाउंस मामले में गिरफ्तार किया है। यह मामला जाल्टा फूड एंड बेवरेजेस प्राइवेट लिमिटेड कंपनी से जुड़ा है, जिसके निदेशक विनोद सहवाग, सुधीर मल्होत्रा और विष्णु मित्तल हैं।
बद्दी (हिमाचल प्रदेश) स्थित श्री नैना प्लास्टिक फैक्ट्री के मालिक कृष्ण मोहन खन्ना ने शिकायत दर्ज कराई थी कि जाल्टा फूड एंड बेवरेजेस कंपनी ने उनकी फैक्ट्री से बोतलें खरीदी थीं और भुगतान के लिए 7 करोड़ रुपये का चेक जारी किया था। जब यह चेक मनीमाजरा स्थित ओरिएंटल बैंक ऑफ कॉमर्स में जमा किया गया, तो खाते में पर्याप्त राशि न होने के कारण चेक बाउंस हो गया।
इसके बाद, कृष्ण मोहन खन्ना ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 138 (चेक बाउंस) के तहत मामला दर्ज कराया। अदालत में सुनवाई के दौरान आरोपी नियमित रूप से पेश नहीं हुए, जिसके परिणामस्वरूप उन्हें 2022 में भगोड़ा घोषित किया गया। इसके बाद, मनीमाजरा थाना पुलिस ने आईपीसी की धारा 174-ए (कोर्ट के आदेश की अवहेलना) के तहत मामला दर्ज किया।
गिरफ्तारी के बाद, विनोद सहवाग को अदालत में पेश किया गया, जहां उनके वकील ने जमानत याचिका दायर की। पुलिस ने जमानत का विरोध करते हुए तर्क दिया कि आरोपी ने पहले ही अदालत के आदेशों की अवहेलना की है और जमानत मिलने पर वह पुनः अपराध कर सकता है। अदालत ने जमानत याचिका पर फैसला सुरक्षित रखते हुए मामले की सुनवाई 10 मार्च 2025 तक स्थगित कर दी है।
यह मामला 2023 में सामने आया था, जब कृष्ण मोहन खन्ना ने चेक बाउंस के कारण मनीमाजरा पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने मामले में उचित कार्यवाही नहीं की, जिसके बाद उच्च न्यायालय के आदेश पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।