आरडीएस कॉलेज में 13.69 लाख का गबन, पूर्व लेखापाल पर एफआईआर दर्ज
- Post By Admin on Aug 23 2026
मुजफ्फरपुर : शहर के प्रतिष्ठित रामदयालु सिंह कॉलेज में 13 लाख 69 हजार 150 रुपये की बड़ी वित्तीय अनियमितता का मामला सामने आया है। कॉलेज प्रशासन की लिखित शिकायत पर काजी मोहम्मदपुर थाना पुलिस ने पूर्व लेखापाल पंकज भूषण के खिलाफ गबन और सरकारी अभिलेख गायब करने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की है।
प्राचार्य द्वारा पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, कॉलेज के डिजिटल रिकॉर्ड्स और बैंक विवरण की जांच में यह सामने आया कि मई 2017 से अब तक लेखापाल को विभिन्न मदों में करीब 18.50 लाख रुपये अग्रिम के रूप में दिए गए थे। इसमें से 13,69,150 रुपये का हिसाब और समायोजन अब तक नहीं कराया गया है। कॉलेज प्रशासन ने इसे गंभीर वित्तीय गबन माना है।
आवेदन के मुताबिक, पंकज भूषण 19 मई 2025 से चिकित्सा अवकाश पर थे और 180 दिनों का सवेतन अवकाश पूरा होने के बाद 15 नवंबर 2025 से वे बिना किसी सूचना के लगातार अनुपस्थित चल रहे हैं। आरोप है कि वित्तीय धांधली को छिपाने के मकसद से कॉलेज की अग्रिम पंजिका गायब कर दी गई है। कॉलेज के दबाव के बाद पंकज भूषण ने 3 जुलाई 2026 को पोर्टेबल कंप्यूटर तो वापस कर दिया, लेकिन महत्वपूर्ण कागजी रिकॉर्ड और रजिस्टर अब तक नहीं लौटाए हैं।
फिलहाल पुलिस कॉलेज के बैंक स्टेटमेंट, वित्तीय दस्तावेजों और कंप्यूटर में मौजूद डिजिटल आंकड़ों की तकनीकी जांच कर रही है। काजी मोहम्मदपुर थाना पुलिस का कहना है कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।