दुष्कर्मियों को मिले फांसी तभी मेरा इंसाफ होगा : रेप पीड़िता

  • Post By Admin on Jun 17 2018
दुष्कर्मियों को मिले फांसी तभी मेरा इंसाफ होगा : रेप पीड़िता

न्यूज़ डेस्क :-  मैं बार-बार एक ही बात सबको कैसे बताऊं? मुझे कुछ नहीं कहना? आप लोग समझते नहीं है? मैं घर जाना चाहती हूं। एक ही बात कितनी बार बोलूं?" 

एक रेप पीड़िता से एक ही सवाल बार-बार पूछना कितना कष्टकारी होगा ये कथन उसी का उदाहरण भर है। 13 जून को बिहार के गया में हुआ था नाबालिग लड़की और उसकी मां से रेप किया गया। जिसके बाद बार-बार एक ही सवाल रेप-पीड़िता से पूछा जा रहा था। अफरा-तफरी के माहौल में रेप-पीड़िता का दुप्पटा तक खींचा गया। यह घटना तब घटी जब सभी नेता गैंगरेप का शिकार हुई पीड़िता मां-बेटी से शुक्रवार को मिलने पहुंचे थे। इस दौरान ये लोग पीड़िता से बार-बार आपबीती बताने को कह रहे थे। कार्यकर्ताओं की भीड़ नीतीश सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रही थी। 

घटना 13 जून की रात को हुई। गया के सोनडीहा गांव में एक डॉक्टर, उनकी पत्नी और बेटी को 12 हथियारबंद लोगों ने बंधक बना लिया। आरोपियों ने डॉक्टर की बाइक लूट ली। डॉक्टर को पेड़ से बांधकर उनके सामने ही 45 वर्षीय पत्नी और 13 साल की बेटी से दुष्कर्म किया। 

पीड़ित लड़की ने दुष्कर्मियों को फांसी दिलाने की मांग की है। उसका कहना है, ''फांसी होगी, तभी मेरा इंसाफ होगा। जो कुछ मेरे साथ हुआ, वह किसी और के साथ नहीं हो, इसके लिए वहशियों को फांसी जरूरी है। मेरी एक ही मांग है, यह सजा जल्द दी जाए।'' पीड़िता कहती है कि हमारे परिवार के पास जो कुछ भी था वो सब हमने उन लोगों को दे दिया, इसके बाद भी वहशियों ने दरिंदगी की।

अब देखना है क्या इस बार भी रेप-पीड़िता को इंसाफ मिलेगा या ये भी घटना सिर्फ न्यूज़ का हिस्सा बन कर रह जाएगी।