मुजफ्फरपुर में लोजपा विधायक के घर पुलिस रेड, बाउंड्री तोड़ने और जमीन विवाद में कसा शिकंजा

  • Post By Admin on Aug 23 2026
मुजफ्फरपुर में लोजपा विधायक के घर पुलिस रेड, बाउंड्री तोड़ने और जमीन विवाद में कसा शिकंजा

मुजफ्फरपुर : सीतामढ़ी के बेलसंड से लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के विधायक अमित कुमार रानू के मुजफ्फरपुर स्थित आवास पर पुलिस ने रविवार सुबह छापेमारी की। यह कार्रवाई अहियापुर थाना क्षेत्र के झपहां में दो दिन पहले हुए जमीन विवाद और बाउंड्री वॉल तोड़े जाने के मामले से जुड़ी है। अदालत से सर्च वारंट हासिल करने के बाद पुलिस टीम ने विधायक के ठिकाने पर करीब चार घंटे तक सघन तलाशी ली।

एसएसपी के अनुसार, 20 अगस्त को अहियापुर के झपहां में असमाजिक तत्वों द्वारा महिंद्रा थार और जेसीबी की मदद से बाउंड्री और लोगों के घरों को क्षतिग्रस्त कर दिया गया था। पीड़ित पक्ष की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने सुमित श्रीवास्तव और सन्नी नाम के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पीड़ितों से मिले नए आवेदनों के आधार पर अब तक कुल तेरह प्राथमिकियां दर्ज की गई हैं।

जांच के दौरान पुलिस को विधायक के भाई सोनू सिंह और स्वयं स्थानीय विधायक की संलिप्तता के संकेत मिले, जिसके बाद कोर्ट से सर्च वारंट जारी कराया गया। तलाशी अभियान के दौरान पुलिस ने मौके से जमीन व पार्टनरशिप से जुड़े एग्रीमेंट, बैंक खातों के विस्तृत विवरण, वाहनों के कागजात और दो हजार सत्रह का हस्ताक्षरित ब्लैंक स्टांप पेपर बरामद किया है। पुलिस अब फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और संपत्ति जब्ती की कानूनी प्रक्रिया में जुट गई है।

दूसरी ओर, विधायक अमित रानू ने पुलिस की इस कार्रवाई पर कड़ा ऐतराज जताया है। उन्होंने सभी आरोपों को पूरी तरह से निराधार बताते हुए इसे पुलिस की नाकामी करार दिया। विधायक का कहना है कि विवादित जमीन उनकी पार्टी के आईटी सेल के एक कार्यकर्ता के नाम पर है। उन्होंने आरोप लगाया कि अहियापुर थाना प्रभारी ने जमीन के कागजात जांचने के बहाने दो लोगों को बुलाया और सीधे जेल भेज दिया। विधायक ने मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और बिना पूरी जानकारी के जनप्रतिनिधि के आवास पर छापेमारी करना पुलिस की कार्यशैली पर बड़े सवाल खड़े करता है।