गेहूं समेत 6 रबी फसलों के एमएसपी में बढ़ोतरी, सरसों-मसूर पर बड़ा फैसला

  • Post By Admin on Oct 01 2026
गेहूं समेत 6 रबी फसलों के एमएसपी में बढ़ोतरी, सरसों-मसूर पर बड़ा फैसला

नई दिल्ली : केंद्र सरकार ने रबी फसलों की खेती करने वाले किसानों के लिए बड़ा फैसला लिया है। केंद्रीय मंत्रिमंडल की आर्थिक मामलों की समिति ने बुधवार को रबी विपणन सत्र 2027-28 के लिए सभी निर्धारित रबी फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य में बढ़ोतरी को मंजूरी दे दी। सरकार के अनुसार इस फैसले का उद्देश्य किसानों को उनकी उपज के लिए लाभकारी मूल्य उपलब्ध कराना है।

नई दरों के अनुसार गेहूं के न्यूनतम समर्थन मूल्य में 25 रुपए प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी की गई है। अब गेहूं का एमएसपी 2,610 रुपए प्रति क्विंटल होगा, जबकि इससे पहले यह 2,585 रुपए था। जौ के एमएसपी में 136 रुपए की वृद्धि के बाद नई दर 2,286 रुपए प्रति क्विंटल हो गई है। चने का एमएसपी 83 रुपए बढ़ाकर 5,958 रुपए प्रति क्विंटल किया गया है।

मसूर के न्यूनतम समर्थन मूल्य में 390 रुपए की वृद्धि की गई है और अब यह 7,390 रुपए प्रति क्विंटल होगा। राई-सरसों के एमएसपी में 413 रुपए की बढ़ोतरी के बाद नई दर 6,613 रुपए प्रति क्विंटल तय की गई है। वहीं कुसुम के एमएसपी में सबसे अधिक 675 रुपए प्रति क्विंटल की वृद्धि की गई है, जिसके बाद इसका न्यूनतम समर्थन मूल्य 7,215 रुपए हो गया है।

सरकार के मुताबिक रबी फसलों के एमएसपी में यह वृद्धि उत्पादन लागत को ध्यान में रखते हुए की गई है। गेहूं के लिए घोषित एमएसपी उत्पादन लागत से 106 प्रतिशत अधिक है। इसी तरह मसूर के लिए यह अंतर 92 प्रतिशत और राई-सरसों के लिए 96 प्रतिशत बताया गया है। सरकार ने कहा है कि एमएसपी में वृद्धि किसानों को उनकी फसल के लिए बेहतर मूल्य उपलब्ध कराने की नीति के अनुरूप है। रबी सीजन में गेहूं, चना, मसूर, जौ और सरसों जैसी फसलों की खेती बड़े पैमाने पर होती है, इसलिए नई दरों का असर आगामी विपणन सत्र में किसानों की आय और फसल बिक्री पर पड़ सकता है।