इस 14 साल की बच्ची के वजह से CM थलपति विजय को VIP कुर्सी से हटाना पड़ा तौलिया
- Post By Admin on May 16 2026
चेन्नई: तमिलनाडु के मुख्यमंत्री थलपति विजय एक बार फिर अपने अलग अंदाज और सादगी भरे फैसले को लेकर चर्चा में हैं। इस बार उन्होंने अपनी वीआईपी कुर्सी के पीछे लगे सफेद तौलिये को हटाकर एक प्रतीकात्मक संदेश दिया है, जिसकी सोशल मीडिया पर जमकर सराहना हो रही है।
दरअसल सरकारी दफ्तरों में अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की कुर्सियों पर सफेद तौलिया लगाने की परंपरा लंबे समय से चली आ रही है। मुख्यमंत्री बनने के बाद विजय की कुर्सी पर भी यह सफेद तौलिया मौजूद था, लेकिन अब इसे हटा दिया गया है। खास बात यह है कि यह बदलाव 14 वर्षीय क्लाइमेट एक्टिविस्ट लिसिप्रिया कंगुजम की अपील के बाद किया गया। लिसिप्रिया कंगुजम ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर मुख्यमंत्री विजय को टैग करते हुए वीआईपी संस्कृति पर सवाल उठाया था। उन्होंने लिखा था कि भारत में मुख्यमंत्री पहले से ही वीआईपी माने जाते हैं, ऐसे में कुर्सियों पर तौलिया लगाने की परंपरा खत्म होनी चाहिए। उन्होंने कहा था कि मंत्री, नौकरशाह और छोटे अधिकारी भी इसी संस्कृति का पालन करते हैं और विजय इस बदलाव की शुरुआत कर सकते हैं।
बताया जा रहा है कि इस अपील के 24 घंटे के भीतर मुख्यमंत्री विजय ने बिना किसी औपचारिक घोषणा या प्रचार के अपनी कुर्सी से सफेद तौलिया हटवा दिया। विजय के इस कदम के बाद लिसिप्रिया ने उनका आभार जताते हुए कहा कि यह साबित करता है कि मुख्यमंत्री आम लोगों की आवाज सुन रहे हैं। मुख्यमंत्री विजय के इस फैसले को तमिलनाडु की राजनीति में नई कार्यशैली और सादगी के संदेश के रूप में देखा जा रहा है। सोशल मीडिया पर कई लोगों ने इसे वीआईपी संस्कृति से दूरी बनाने की सकारात्मक पहल बताया है। वहीं कुछ लोगों का मानना है कि ऐसे छोटे बदलाव प्रशासनिक व्यवहार में भी जवाबदेही और सरलता को बढ़ावा दे सकते हैं।
हालांकि सरकार की ओर से इस विषय पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, लेकिन मुख्यमंत्री विजय का यह कदम अब राजनीतिक और सामाजिक बहस का हिस्सा बन चुका है।