दरभंगा एयरपोर्ट से नए साल में यात्रियों को मिलेगा सस्ता सफर
- Post By Admin on Dec 28 2024

दरभंगा : नए साल में दरभंगा एयरपोर्ट से एक नई विमानन कंपनी अकासा एयरलाइंस के विमान उड़ान भरेंगे। जिससे यात्रियों को किफायती दरों पर सफर करने का नया विकल्प मिलेगा। समर शेड्यूल के तहत अकासा के विमानों का परिचालन दरभंगा हवाई अड्डे से दिल्ली और मुंबई रूटों पर शुरू होगा। सूत्रों के अनुसार, दोनों रूटों पर प्रतिदिन चार-चार विमानों का परिचालन होगा।
अकासा एयरलाइंस को दिल्ली रूट पर उड़ान के लिए स्लॉट मिल चुका है और मुंबई रूट के लिए भी हरी झंडी मिलने की उम्मीद है। अगर सब कुछ ठीक रहा, तो ये दोनों रूट एक साथ शुरू हो जाएंगे। इससे पहले, अकासा कंपनी दरभंगा एयरपोर्ट पर अपना सेटअप स्थापित करेगी।
दिल्ली रूट पर बढ़ेगी विमान की संख्या
दरभंगा-दिल्ली रूट पर रोजाना सबसे ज्यादा यात्री यात्रा करते हैं। अकासा एयरलाइंस के आने से यात्रियों को किफायती दरों पर यात्रा करने का मौका मिलेगा। इस रूट पर स्पाइसजेट के चार, इंडिगो और अकासा एयरलाइंस के दो-दो विमान संचालित होंगे। जिससे रोजाना आठ विमानों की आवाजाही होगी।
समर शेड्यूल में बढ़ेगा विमानों का परिचालन
30 मार्च 2025 से शुरू होने वाले समर शेड्यूल में दरभंगा हवाई अड्डे से विमानों की संख्या बढ़कर करीब 20 होगी। इसके अलावा, मुंबई, बेंगलुरु, कोलकाता और हैदराबाद रूटों पर भी सीधी विमान सेवा शुरू की जाएगी। जिससे यात्रियों की संख्या में वृद्धि की उम्मीद है।
समर शेड्यूल में उड़ानों की संख्या :
दिल्ली
• स्पाइसजेट : 14 उड़ानें
• अकासा : 07 उड़ानें
• इंडिगो : 07 उड़ानें
मुंबई
• स्पाइसजेट : 07 उड़ानें
• अकासा : 07 उड़ानें
• इंडिगो : 04 उड़ानें (रविवार, सोमवार, बुधवार और शुक्रवार)
बेंगलुरु
• स्पाइसजेट : 07 उड़ानें
• कोलकाता :
• इंडिगो : 07 उड़ानें
हैदराबाद
• इंडिगो : 07 उड़ानें