अगस्त से बदला रेलवे का नियम : टोकन के बिना नहीं होगी तत्काल टिकट बुकिंग
- Post By Admin on Jul 28 2026
नई दिल्ली : रेलवे स्टेशन के रिजर्वेशन काउंटरों से तत्काल टिकट बुक कराने वाले यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण बदलाव किया गया है। रेलवे ने तत्काल टिकट बुकिंग व्यवस्था को अधिक व्यवस्थित बनाने और काउंटरों पर लगने वाली लंबी कतारों को कम करने के उद्देश्य से नया टोकन सिस्टम लागू करने का निर्णय लिया है।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार 1 अगस्त से पश्चिम मध्य रेलवे (West Central Railway-WCR) के सभी रिजर्वेशन काउंटरों पर यह नई व्यवस्था लागू कर दी जाएगी। इसके तहत यात्रियों को निर्धारित समय पर पहले से टोकन जारी किए जाएंगे, जिससे उन्हें बार-बार काउंटर पर लाइन लगाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। नई व्यवस्था के अनुसार AC तत्काल टिकट के लिए सुबह 8:30 बजे से 9:00 बजे तक टोकन वितरित किए जाएंगे, जबकि Non-AC (Sleeper) तत्काल टिकट के लिए सुबह 9:00 बजे से 9:30 बजे तक टोकन दिए जाएंगे। रेलवे ने प्रत्येक रिजर्वेशन काउंटर के लिए टोकन की अधिकतम संख्या भी निर्धारित कर दी है। AC तत्काल टिकट के लिए 10 टोकन तथा Non-AC (Sleeper) तत्काल टिकट के लिए 15 टोकन जारी किए जाएंगे।
रेलवे द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार प्राथमिकता उन यात्रियों को दी जाएगी, जो स्वयं या अपने परिवार के सदस्य के लिए तत्काल टिकट बुक कराने आएंगे। आवश्यकता पड़ने पर यात्रियों को परिवार से संबंध साबित करने के लिए वैध दस्तावेज प्रस्तुत करना पड़ सकता है। ऐसे यात्रियों की बुकिंग पूरी होने के बाद ही अन्य यात्रियों के टिकट बुक किए जाएंगे। रेलवे का मानना है कि इस नई व्यवस्था से काउंटरों पर भीड़ कम होगी, टिकट बुकिंग प्रक्रिया अधिक पारदर्शी बनेगी और यात्रियों को समय की बचत के साथ बेहतर सुविधा मिल सकेगी।