आरडीएस कॉलेज में विश्व सामाजिक न्याय दिवस 2025 आयोजित
- Post By Admin on Feb 21 2025

मुजफ्फरपुर : गुरुवार को आरडीएस कॉलेज में ‘विश्व सामाजिक न्याय दिवस 2025’ पर जागरूकता और ओरिएंटेशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम समाज में सामाजिक न्याय और समावेशिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित किया गया, जिसमें विभिन्न विषय विशेषज्ञों ने अपने विचार साझा किए और सामाजिक न्याय के महत्व पर चर्चा की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कॉलेज की प्रधानाचार्य डॉ. अनीता सिंह ने की। अपने उद्घाटन भाषण में उन्होंने समाज में सामाजिक न्याय के महत्व को रेखांकित किया और कहा कि शिक्षा समाज में समावेशिता और समानता लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। डॉ. सिंह ने 2025 के विषय की प्रासंगिकता पर भी प्रकाश डाला, खासकर जब समाज में असमानता, भेदभाव और बहिष्करण जैसी समस्याएं अब भी मौजूद हैं। उन्होंने छात्रों को एक न्यायपूर्ण और समावेशी समाज बनाने में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में प्रमुख वक्ताओं के रूप में इतिहास विभागाध्यक्ष डॉ. एम. एन. रजवी, राजनीति विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. रजनीकांत पाण्डेय ने अपने विचार प्रस्तुत किए।
डॉ. एम. एन. रजवी ने सामाजिक असमानता के ऐतिहासिक कारणों पर चर्चा करते हुए बताया कि न्याय और समान अधिकारों की लड़ाई सदियों से चल रही है। उन्होंने कहा कि इतिहास को समझने से हम वर्तमान में बनी असमानताओं को पहचान सकते हैं और समाज में प्रगति लाने के लिए ठोस कदम उठा सकते हैं।
वहीं, डॉ. रजनीकांत पाण्डेय ने राजनीतिक दृष्टिकोण से सामाजिक न्याय पर अपनी बात रखी। उन्होंने बताया कि समावेशी शासन और राजनीतिक भागीदारी समाज के प्रत्येक वर्ग को समान अवसर देने के लिए जरूरी हैं। उन्होंने कहा कि एक सशक्त और न्यायपूर्ण समाज तभी संभव है जब सभी नागरिकों को समान अवसर मिले और उनके अधिकारों की रक्षा की जाए।
कार्यक्रम का संचालन एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. सौरभ राज ने किया। इस दौरान एनएसएस स्वयंसेवक खुश़ी कुमारी और सक्षम कुमार ने वक्ताओं का परिचय दिया। कार्यक्रम के अंत में सन्नी कुमार ने सभी वक्ताओं और आयोजकों का धन्यवाद ज्ञापित किया।