स्वाभिमान और सकारात्मक शारीरिक छवि पर कार्यशाला आयोजित
- Post By Admin on Dec 23 2024
 
                    
                    लखीसराय : महिला एवं बाल विकास निगम और यूनिसेफ के संयुक्त तत्वावधान में बाल रक्षा भारत द्वारा संचालित उड़ान परियोजना के तहत पिपरिया प्रखंड के पिपरिया पंचायत और लखीसराय ब्लॉक के खगौर पंचायत में रविवार को स्वाभिमान और सकारात्मक शारीरिक छवि पर कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस प्रेरणादायक सत्र में 100 से अधिक किशोर-किशोरियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम में उड़ान परियोजना के जिला समन्वयक आरिफ हुसैन ने कहा कि इस सत्र का उद्देश्य किशोर-किशोरियों के आत्मविश्वास को बढ़ाना, अपने शरीर के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करना और समाज में प्रचलित अवास्तविक सौंदर्य मानकों से मुक्त होने के लिए प्रेरित करना था। उन्होंने स्वाभिमान की परिभाषा और उसके महत्व पर चर्चा करते हुए इसे जीवन में सफलता और आत्म-सम्मान का आधार बताया।
हब के जिला मिशन समन्वयक प्रशांत कुमार ने प्रतिभागियों को सकारात्मक शारीरिक छवि के महत्व को समझाते हुए कहा कि हर व्यक्ति का शरीर अद्वितीय और सुंदर है। उन्होंने किशोर-किशोरियों को अपने शरीर को बिना किसी तुलना के स्वीकारने और समाज के दबाव से ऊपर उठने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान सोशल मीडिया के प्रभाव पर चर्चा करते हुए प्रतिभागियों को बताया गया कि सोशल मीडिया पर दिखाए जाने वाले सौंदर्य मानक अक्सर अवास्तविक होते हैं। किशोर-किशोरियों को सकारात्मक सामग्री का चयन करने और खुद की तुलना करने से बचने की सलाह दी गई।
सत्र में विभिन्न इंटरएक्टिव गतिविधियों का आयोजन किया गया। इनका उद्देश्य स्वाभिमान, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच को बढ़ावा देना था। प्रतिभागियों ने अपने अनुभव साझा किए और स्वाभिमान व सकारात्मक शारीरिक छवि पर अपने विचार प्रकट किए।
कार्यक्रम के अंत में नई चेतना 3.0 के तहत जेंडर आधारित हिंसा के खिलाफ जागरूकता अभियान पर चर्चा की गई। प्रतिभागियों ने सामूहिक रूप से शपथ ली कि वे स्वाभिमान और सकारात्मक सोच को अपने जीवन का हिस्सा बनाएंगे।
प्रखंड समन्वयक सत्य प्रकाश ने कहा कि यह सत्र किशोर-किशोरियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बना। उन्होंने सीखा कि स्वाभिमान और सकारात्मक शारीरिक छवि जीवन को सार्थक और आत्मविश्वासपूर्ण बनाने के लिए कितने महत्वपूर्ण हैं।
कार्यक्रम में खगौर पंचायत की विकास मित्र आरती, पिपरिया पंचायत की विकास मित्र नीलम कुमारी और किशोर-किशोरी समूह के दर्जनों सदस्य उपस्थित रहे।