मेरा युवा भारत कार्यक्रम में युवाओं का जलवा, सूर्यगढ़ा क्लब बना वॉलीबॉल चैंपियन
- Post By Admin on Feb 13 2026
लखीसराय : मेरा युवा भारत युवा कार्यक्रम, खेल मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा आयोजित जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता के दूसरे दिन विभिन्न खेल स्पर्धाओं का भव्य आयोजन किया गया। इस दौरान वॉलीबॉल (पुरुष), 400 मीटर दौड़ और लंबी कूद प्रतियोगिता का संयुक्त रूप से उद्घाटन जिला पदाधिकारी श्री मिथिलेश मिश्र, उप विकास आयुक्त श्री सुमित कुमार एवं अपर समाहर्ता श्री नीरज कुमार ने किया।
प्रतियोगिता में वॉलीबॉल पुरुष वर्ग में सूर्यगढ़ा युवा क्लब की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया, जबकि वॉलीबॉल क्लब लखीसराय की टीम उपविजेता रही। कबड्डी पुरुष वर्ग में सूर्यगढ़ा कबड्डी क्लब ने जीत दर्ज की, वहीं कबड्डी क्लब लखीसराय को उपविजेता घोषित किया गया।
एथलेटिक्स स्पर्धाओं में महिला लंबी कूद में सुहानी ने प्रथम, रेशम ने द्वितीय और प्रीति ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। महिला दौड़ में अंजलि प्रथम, रेशम द्वितीय और आकांक्षा तृतीय स्थान पर रहीं। वहीं पुरुष लंबी कूद में अमन प्रथम, गणेश द्वितीय और सुमित तृतीय रहे, जबकि 400 मीटर दौड़ में शोएब ने प्रथम, गुलशन ने द्वितीय और शंटु ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
समापन अवसर पर जिला पदाधिकारी एवं उप विकास आयुक्त द्वारा विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों एवं टीमों को पुरस्कृत किया गया। खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए जिला पदाधिकारी ने कहा कि खेल में समर्पण और अनुशासन सबसे महत्वपूर्ण है। जब तक खिलाड़ी पूरे समर्पण के साथ अभ्यास नहीं करेंगे, तब तक ओलंपिक जैसे अंतरराष्ट्रीय मंच पर सफलता संभव नहीं है। उन्होंने युवाओं से खेल को करियर के अवसर के रूप में अपनाने की अपील की और कहा कि खेल कोटे के माध्यम से भी युवा अपना भविष्य सुरक्षित कर सकते हैं।
उप विकास आयुक्त ने कहा कि खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ खेलना चाहिए और लक्ष्य निर्धारण कर पूरी निष्ठा से अभ्यास करना चाहिए। वहीं अपर समाहर्ता ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज खेल के क्षेत्र में असीम संभावनाएं हैं और युवा खेल के माध्यम से न केवल अपना जीवन संवार सकते हैं, बल्कि राष्ट्र निर्माण और विकसित भारत के लक्ष्य में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
कार्यक्रम का संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन केंद्र के कार्यक्रम प्रभारी राजीव नंदन कुमार ने किया। इस अवसर पर मेरा युवा भारत लखीसराय के स्वयंसेवक सदाशिव कुमार, अमन कुमार, विवेक कुमार, सीमा कुमारी, अंकुश कुमार, मुरारी कुमार सहित सूर्यगढ़ा युवा क्लब और जैतपुर युवा क्लब के युवाओं की सक्रिय सहभागिता रही।