टोला सेवकों को राज्य कर्मी का दर्जा दिलाने की मांग तेज, अल्पसंख्यक आयोग हुआ सक्रिय

  • Post By Admin on Feb 13 2026
टोला सेवकों को राज्य कर्मी का दर्जा दिलाने की मांग तेज, अल्पसंख्यक आयोग हुआ सक्रिय

पटना : तालिमी मरकज़ एवं टोला सेवकों की ज्वलंत समस्याओं को लेकर ऑल इंडिया तंजीम-ए-इंसाफ के गुलाम सरवर आज़ाद एवं अति पिछड़ा मुस्लिम संगठन के संयोजक डॉ. नूर हसन आज़ाद के दो सदस्यीय शिष्ट मंडल ने बिहार राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष मौलाना गुलाम रसूल बलियावी से उनके साउथ बेली रोड स्थित कार्यालय में मुलाकात की। इस दौरान करीब ढाई घंटे तक गंभीर और विस्तृत विचार-विमर्श हुआ।

शिष्ट मंडल ने तालिमी मरकज़ एवं टोला सेवकों की मौजूदा स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि वर्तमान मार्गदर्शिका शोषणयुक्त है और इससे कार्यरत सेवकों को कई प्रकार की व्यावहारिक समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। गुलाम सरवर आज़ाद ने मांग की कि तालिमी मरकज़ एवं टोला सेवकों को राज्य कर्मी घोषित किया जाए, ताकि उन्हें स्थायित्व और उचित अधिकार मिल सके।

वार्ता के दौरान आयोग के सचिव मो. शहज़ाद भी मौजूद रहे। इस अवसर पर मौलाना गुलाम रसूल बलियावी ने शिष्ट मंडल को भरोसा दिलाया कि वह इस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए अंत तक देखेंगे और सेवकों की समस्याओं का समाधान कराने के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे।

उन्होंने कहा कि यह परियोजना माननीय मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का ड्रीम प्रोजेक्ट है, इसलिए इसे और अधिक प्रभावी, व्यावहारिक और जनोपयोगी बनाने के लिए वे विभाग के उच्च अधिकारियों से सीधे बातचीत करेंगे। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि इस योजना में उत्पन्न सभी समस्याओं के निदान के लिए आयोग स्तर से ठोस पहल की जाएगी, ताकि तालिमी मरकज़ एवं टोला सेवकों को न्याय मिल सके और योजना अपने वास्तविक उद्देश्य को पूरा कर सके।