दरभंगा के 151वां जिला स्थापना दिवस पर होंगे विभिन्न कार्यक्रम आयोजित

  • Post By Admin on Dec 24 2024
 दरभंगा के 151वां जिला स्थापना दिवस पर होंगे विभिन्न कार्यक्रम आयोजित

दरभंगा : जिले का 151वां स्थापना दिवस समारोह आगामी 31 दिसंबर 2024 और 1 जनवरी 2025 को धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर जिला प्रशासन ने जिलेवासियों से समारोह में भाग लेने की अपील की है।

स्थापना दिवस के मुख्य समारोह का आयोजन आगामी 31 दिसंबर को नेहरू स्टेडियम और ऑडिटोरियम, लहेरियासराय में किया जाएगा। इस दिन रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन भी ऑडिटोरियम में किया जाएगा। जिसमें विभिन्न प्रकार के संगीत, नृत्य, मैथिली काव्य रचनाओं और लोक कला की प्रस्तुतियाँ दी जाएंगी। 

जिला प्रशासन ने कलाकारों को आवेदन देने के लिए आज (24 दिसंबर) तक का समय निर्धारित किया है। इसके बाद आगामी 26 दिसंबर को ऑडिटोरियम दरभंगा में एक स्क्रूटनी प्रक्रिया आयोजित की जाएगी। जिसमें जिले के उत्कृष्ट कलाकारों का चयन किया जाएगा और उन्हें सम्मानित किया जाएगा।

स्थापना दिवस समारोह के दौरान आगामी 31 दिसंबर को नेहरू स्टेडियम लहेरियासराय में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया जाएगा। प्रतियोगिताओं में वॉलीबॉल, हैंडबॉल, 1600 मीटर रेस, जैवलिन थ्रो, डिस्कस थ्रो और लॉन्ग जम्प जैसी प्रतियोगिताएं शामिल होंगी। खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन प्रातः 8 बजे से शुरू होगा और सभी को इन खेलों में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया गया है।

जिला प्रशासन ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे इस ऐतिहासिक आयोजन में भाग लेकर जिले के इस महत्वपूर्ण अवसर को सफल बनाएं। इस वर्ष 151वां स्थापना दिवस दरभंगा के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व को उजागर करते हुए जिलेवासियों के बीच एकता और भाईचारे का संदेश देगा।