डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर विभिन्न दलों ने व्यक्त की श्रद्धांजलि

  • Post By Admin on Dec 28 2024
डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर विभिन्न दलों ने व्यक्त की श्रद्धांजलि

हाजीपुर : भारत के महान अर्थशास्त्री और गरीबों के मसीहा पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने गहरा शोक व्यक्त किया और उन्हें शत-शत नमन किया। राजद, कांग्रेस, सीपीआई (माले) और अन्य दलों के नेताओं ने डॉ. सिंह के योगदान को याद करते हुए उनके असमय निधन पर शोक व्यक्त किया। राजद के जिला अध्यक्ष बैजनाथ सिंह चंद्रवंशी ने कहा कि “प्रख्यात अर्थशास्त्री डॉ. मनमोहन सिंह का देश हमेशा ऋणी रहेगा। उनके नेतृत्व में देश ने कई अहम विकास की ऊंचाइयां छुईं।

उनका योगदान भारतीय अर्थव्यवस्था के सुधार में अतुलनीय है।” राजद के प्रदेश सचिव शशि सिंह यादव ने कहा कि “हमने एक महान नेता और अर्थशास्त्री को खो दिया है। डॉ. मनमोहन सिंह के प्रधानमंत्री काल में भारत ने आर्थिक उदारीकरण, नरेगा योजना, आधार, आरटीआई जैसे महत्वपूर्ण योजनाओं का साक्षात्कार किया।” सीपीआई (माले) के जिला सचिव विशेश्वर यादव ने भी डॉ. सिंह के योगदान को सराहा और कहा कि “देश और महागठबंधन एक मजबूत नेता को खो चुका है। उनके नेतृत्व में भारत की अर्थव्यवस्था को नई दिशा मिली।” कांग्रेस के युवा नेता राकेश चौहान ने कहा कि “डॉ. मनमोहन सिंह के प्रधानमंत्रीत्व काल में किसानों के विकास पर विशेष ध्यान दिया गया और किसानों के लिए कई योजनाएं लागू की गईं।” श्रद्धांजलि व्यक्त करने वालों में राजद के जिला उपाध्यक्ष शत्रुघ्न लोहिया, पूर्व जिला पार्षद नीलम देवी, ललित राय, लालगंज प्रमुख सुधा देवी, कांग्रेस नेता उपेंद्र सिंह, माले प्रखंड सचिव पवन सिंह सहित सैकड़ों नेता शामिल थे। डॉ. मनमोहन सिंह की नेतृत्व क्षमता, उनके दूरदर्शी आर्थिक निर्णय और उनके कार्यकाल में किए गए ऐतिहासिक सुधारों को हमेशा याद रखा जाएगा।