किऊल-बड़हिया रेलखंड पर सघन जांच, लावारिस बैग से विदेशी शराब जब्त

  • Post By Admin on Feb 23 2026
किऊल-बड़हिया रेलखंड पर सघन जांच, लावारिस बैग से विदेशी शराब जब्त

हाजीपुर : पूर्व मध्य रेल के दानापुर मंडल अंतर्गत किऊल पोस्ट द्वारा “ऑपरेशन सतर्क” के तहत सोमवार को मार्गरक्षण, गश्ती एवं सघन जांच अभियान चलाया गया। निरीक्षक प्रभारी, किऊल ने अपने स्टाफ के साथ गाड़ी संख्या 13121 कोलकाता–गाजीपुर सिटी साप्ताहिक एक्सप्रेस का किऊल से हाथीदह स्टेशन तक मार्गरक्षण किया।

इस दौरान ट्रेन के सभी वातानुकूलित कोचों की बारीकी से जांच की गई, जहां कोई भी संदिग्ध व्यक्ति या आपत्तिजनक वस्तु नहीं मिली। इसके बाद टीम ने हाथीदह से लौटकर रामपुर डुमरा स्टेशन तक गश्त की, जहां स्थिति सामान्य पाई गई।

चेकिंग अभियान के क्रम में बड़हिया स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 02 के पटना एंड साइड पर एक काले रंग का लावारिस बैग संदिग्ध अवस्था में मिला। तलाशी लेने पर बैग से कुल 12 बोतल विदेशी शराब बरामद की गई। इसमें पांच बोतल ब्लेंडर्स प्राइड (750 एमएल), तीन बोतल मास्टर ब्लेंडर्स सिग्नेचर प्रीमियम ग्रीन व्हिस्की (750 एमएल) तथा चार बोतल ऑफिसर्स चॉइस एलीट व्हिस्की (180 एमएल) शामिल हैं। बरामद शराब पर “फॉर सेल इन वेस्ट बंगाल” अंकित था। कुल बरामद शराब की धारिता 6.72 लीटर तथा अनुमानित मूल्य 8,720 रुपए आंका गया है।

निरीक्षक प्रभारी, किऊल द्वारा मौके पर ही जब्ती की कार्रवाई करते हुए उत्पाद थाना, बड़हिया को सूचित किया गया तथा लिखित प्रतिवेदन सौंपा गया। संबंधित थाना में मामला दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है। रेल प्रशासन ने कहा है कि मामले की प्रगति से वरीय अधिकारियों को अवगत कराया जाएगा।