उत्तराखंड : गंगोत्री-यमुनोत्री में बर्फबारी, जम गए झरने

  • Post By Admin on Jan 30 2023
उत्तराखंड : गंगोत्री-यमुनोत्री में बर्फबारी, जम गए झरने

उत्तरकाशी: प्रदेश पर्वतीय इलाकों में जहां बारिश और बर्फबारी से कड़ाके की ठंड पड़ रही है वहीं लोग ठंड से बचने के लिए जहां अलाव और हीटर का सहारा ले रहे हैं। सोमवार को उत्तरकाशी के निचले क्षेत्रों में जमकर बारिश हो रही है और गंगोत्री धाम में भी आधी बाद तक बर्फबारी जारी रही। इससे लोग खासे परेशान हैं। हालांकि इससे किसानों में भी राहत नजर आ रही है। इससे पहले कल रविवार को उत्तराखंड के पहाड़ों में दिनभर मौसम खराब रहा और गंगोत्री-यमुनोत्री में बर्फबारी हुई जबकि निचले क्षेत्रों में बूंदाबांदी हुई। अन्य राज्यों में भी मौसम मिजाज बदल गया है और बारिश हो रही है। इससे लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

गंगा-यमुना घाटी में बारिश से बढ़ी ठंड

मोरी क्षेत्र में रविवार दोपहर बाद बारिश हुई। इससे शहर के तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। लोगों को कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ा। लोग दिन में भी अलावा सेंकते नजर आए। उत्तरकाशी शहर डुंडा, चिन्यालीसौड़, बड़कोट, पुरोला सहित कई क्षेत्रों में लोग आग जलाकर ठंड से बचने का प्रयास करते नजर आए।

यमुनोत्री में झरने जमे

यमुनोत्री धाम सहित आसपास के इलाकों में कड़ाके की सर्दी पड़ रही है। आलम ये है कि कड़ाके की सर्दी के कारण नदी, नालों और झरने का पानी भी जमने लगा है। जानकीचट्टी यमुनोत्री पैदल मार्ग पर जगह-जगह गिरने वाले झरने भी जमने लगे हैं। यमुनोत्री मंदिर समिति के सचिव सुरेश उनियाल ने बताया कि जानकीचट्टी से यमुनोत्री धाम तक जगह-जगह पानी जम गया है। पैदल मार्ग पर आवाजाही भी जोखिम भरी हो रही है।

गंगोत्री में बर्फबारी

रविवार सुबह से गंगोत्री में हल्के बादल छाए रहे और दोपहर बाद मौसम खराब हो गया। सोमवार को आधी के बाद भी गंगोत्री में बर्फबारी हुई। धाम में अधिकतम तापमान 4 डिग्री और न्यूनतम माइनस 10 डिग्री दर्ज किया गया। गंगोत्री मंदिर के सचिव राजेश सेमवाल ने बताया है कि इस बार बर्फबारी भले कम हुई हो ,लेकिन अब उम्मीद है कि अब बर्फबारी होगी। इधर हर्षिल सहित निचले इलाकों में अपराह्न बाद हल्की बूंदाबांदी हुई। उधर, पर्यटक स्थल चौरंगी, दयारा में भी कड़ाके की ठंड पड़ रही है।

मोरीयाणा-राठी टॉप में गिरी बर्फ की फुहारें

उत्तरकाशी के मोरीयाणा-राठी टॉप में रविवार दिन बादल छाए रहे और दोपहर बाद बूंदाबांदी होने से पारा लुढ़क गया। बर्फ की फुहारें भी गिरीं। ऐसे में यहां पहुंचे सैलानियों के चेहरे खिल उठे। सैलानियों को उम्मीद है कि बर्फबारी का लुत्फ उठा सकेंगे। मौसम का पारा लुढ़कने से जिला मुख्यालय सहित सम्पूर्ण ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ठंड बढ़ गई।

निचले क्षेत्रों में झमाझम बारिश, खिले किसानों के चेहरे

आज उत्तरकाशी के निचले क्षेत्रों में जमकर बारिश शुरू हो गई है। बारिश को देखते हुए किसान भी राहत में हैं। लंबे समय बाद बारिश हुई तो गेहूं, जौ, मटर आदि फसलों के लिए संजीवनी साबित होगी।