चमोली : उत्तराखंड के चमोली जिले के नंदानगर में भारी बारिश और भूस्खलन से मची तबाही के बीच राहत-बचाव कार्य लगातार जारी है। आपदा के बीच शुक्रवार को एक बड़ा चमत्कार देखने को मिला, जब 16 घंटे तक मलबे में दबे रहने के बाद एक व्यक्ति को जिंदा बाहर निकाला गया। इसके अलावा, बीती रात मलबे में दबे एक घर से ग्रामीणों की मदद से एक महिला को भी सुरक्षित बचा लिया गया।
आपदा प्रभावित कुंतरी और धूर्मा गांवों में पुलिस, प्रशासन, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें लगातार मलबा हटाकर लोगों को निकालने में जुटी हुई हैं। बचाए गए व्यक्तियों को मौके पर ही प्राथमिक उपचार दिया गया और सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया।
चमोली पुलिस ने शुक्रवार सुबह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर जानकारी साझा की, "आपदा प्रभावित क्षेत्रों में मलबे में दबे व्यक्तियों को निकालने के लिए दूसरे दिन भी रेस्क्यू अभियान जारी है। सभी टीमें समन्वय के साथ राहत और बचाव कार्य कर रही हैं।"
जिले के यात्रा मार्गों और मौसम की स्थिति पर भी पुलिस ने अपडेट दिया। पोस्ट में कहा गया, "जनपद चमोली के सभी यात्रा मार्ग खुले हैं। हालांकि, जनपद में बादल छाए हुए हैं। मार्ग और मौसम की स्थिति देखकर ही यात्रा शुरू करें। आपकी सुरक्षित और सफल यात्रा के लिए चमोली पुलिस सदैव तत्पर है।"
नंदानगर आपदा के बाद जिला प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं। गुरुवार को मार्ग अवरुद्ध होने के बावजूद जिलाधिकारी संदीप तिवारी और पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार पैदल घटनास्थल तक पहुंचे और राहत कार्यों का जायजा लिया।
























