बच्चों हेतु विधिक सेवा इकाई की दो दिवसीय कार्यक्रम आरंभ

  • Post By Admin on Jan 10 2025
बच्चों हेतु विधिक सेवा इकाई की दो दिवसीय कार्यक्रम आरंभ

दरभंगा : बच्चों के लिए विधिक सेवा इकाई के सदस्यों के दो दिवसीय ओरिएंटेशन कार्यक्रम का उद्घाटन समाहरणालय स्थित प्रेक्षागृह में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधान जिला एवं सत्र न्यायधीश विनोद कुमार तिवारी द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।

उद्घाटन के दौरान विनोद कुमार तिवारी ने बच्चों के विशेष संरक्षण और सुरक्षा की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा, “बच्चे शारीरिक और मानसिक रूप से कमजोर होते हैं, उन्हें विशेष ध्यान और सहायता की आवश्यकता होती है।” उन्होंने बताया कि नालसा चाइल्ड फ्रेंडली लीगल सर्विसेज फॉर चिल्ड्रेन स्कीम 2024 बच्चों के लिए एक महत्वपूर्ण पहल है, जो न्यायिक प्रक्रियाओं से जुड़े बच्चों को अनुकूल और निःशुल्क विधिक सेवाएं प्रदान करेगा।

जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव रंजन देव ने इस योजना के महत्व को रेखांकित करते हुए बताया कि बच्चों को निःशुल्क विधिक सहायता देने के लिए विधिक सेवा इकाई का गठन किया गया है। इस इकाई के सदस्य नालसा स्कीम के तहत प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे और बच्चों के कानूनी अधिकारों की रक्षा के लिए कार्य करेंगे।

इस अवसर पर सेवानिवृत्त एडीजे शिवकुमार झा, एडीसीपी श्रीमती नेहा कुमारी, रवि कुमार और प्रसून कुणाल ने बच्चों से संबंधित कानूनी पहलुओं और योजनाओं पर अपने विचार साझा किए। उन्होंने बच्चों के कानूनी अधिकारों की समझ को बढ़ाने और उन्हें उनकी सुरक्षा के लिए विभिन्न विधिक सेवाएं प्रदान करने पर जोर दिया।

रंजन देव ने बताया कि इस योजना के प्रचार-प्रसार के लिए जन जागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोग बच्चों के अधिकारों और उन्हें मिलने वाली विधिक सेवाओं के बारे में जान सकें। कार्यक्रम में डिप्टी चीफ लीगल एड विरेंद्र कुमार झा के अलावा बच्चों के लिए गठित विधिक सेवा इकाई के पैनल अधिवक्ता सदस्य और पीएलवी सदस्य भी मौजूद थे।