लखीसराय : सिख पंथ के संस्थापक गुरु नानक देव जी के 555वें प्रकाश पर्व के अवसर पर पर्यावरण भारती द्वारा वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान देव वृक्ष बरगद और फलदार वृक्ष आम के पौधे लगाए गए। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता पर्यावरण भारती के संस्थापक राम बिलास शाण्डिल्य ने गुरु नानक देव जी के जीवन और उनके आदर्शों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारत महापुरुषों की जन्मस्थली है और गुरु नानक देव जी उनमें से एक हैं।
उन्होंने बताया कि गुरु नानक देव जी का जन्म 1469 ईस्वी में कार्तिक पूर्णिमा के दिन वर्तमान पाकिस्तान के ननकाना साहिब में हुआ था। उनके पिता कालू मेहता तलवंडी गांव के पटवारी थे। गुरु नानक जी ने जीवन भर सामाजिक कुरीतियों और भेदभाव का विरोध करते हुए मानव समानता, सेवा भाव और प्रेम का संदेश दिया। उनके उपदेश आज भी समाज को प्रेरणा देते हैं।
इस अवसर पर राम बिलास शाण्डिल्य ने कहा कि वृक्षारोपण जैसे कार्य महापुरुषों के आदर्शों को सम्मान देने का एक माध्यम हैं। कार्यक्रम में पटना महानगर पेड़ उपक्रम प्रमुख हिमालय कुमार, प्रांत टोली सदस्य सुरेंद्र प्रसाद, निखिल कुमार, प्रशांत कुमार, शुभम कुमार, आयूष कुमार, सत्यम कुमार और उज्जवल कुमार सहित कई अन्य सदस्यों ने भाग लिया।
कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर गुरुद्वारों में भजन-कीर्तन, लंगर और अन्य धार्मिक आयोजनों के साथ इस वृक्षारोपण कार्यक्रम ने पर्यावरण संरक्षण और गुरु नानक देव जी के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया।




















