गांधीवादी विचारक डॉ. एस. एन. सुब्बाराव को 97वें जन्मदिवस पर दी गई श्रद्धांजलि

  • Post By Admin on Feb 07 2026
गांधीवादी विचारक डॉ. एस. एन. सुब्बाराव को 97वें जन्मदिवस पर दी गई श्रद्धांजलि

मुजफ्फरपुर : प्रख्यात गांधीवादी विचारक स्वर्गीय डॉ. एस. एन. सुब्बाराव (भाई जी) का 97वां जन्मोत्सव शनिवार को मुजफ्फरपुर स्थित प्रयत्न कार्यालय में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया गया। इस अवसर पर भाई जी के तैल चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की गई तथा उनके जीवन, संघर्ष और सामाजिक योगदान पर विस्तृत चर्चा हुई।

कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रयत्न संस्था के संस्थापक प्रभात कुमार ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में मनरेगा मजदूर विकास संगठन के संस्थापक सुगंध कुमार उपस्थित रहे। वक्ताओं ने भाई जी के विचारों को आज के सामाजिक परिदृश्य में भी प्रासंगिक बताते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।

प्रभात कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि डॉ. सुब्बाराव ने राष्ट्रीय एकता और सामाजिक सद्भाव के लिए आजीवन कार्य किया। उन्होंने न केवल देश में बल्कि विदेशों तक कार्यकर्ता निर्माण का अभियान चलाया, जिसके परिणामस्वरूप उनके द्वारा तैयार किए गए कार्यकर्ता आज भी विभिन्न क्षेत्रों में समाज सेवा में सक्रिय हैं। यह उनके जीवन की सबसे बड़ी उपलब्धि रही।

मुख्य अतिथि सुगंध कुमार ने कहा कि भाई जी के विचारों से प्रेरणा लेकर ही देशभर में लोग उन्हें स्मरण कर रहे हैं। उनके सिद्धांत आज भी सामाजिक परिवर्तन के लिए मार्गदर्शक हैं।

इस अवसर पर अमित चंद्र चौधरी, कुमारी हिना, राजेश कुमार और रोहित कुमार सहित अन्य वक्ताओं ने भी अपने विचार रखे। कार्यक्रम को सफल बनाने में आशीष रंजन, विवेक सिंह, श्रीधर कुमार, मनी राज कुमार, दीपक कुमार, अमर्त्य, राधा सिंह, अंकित प्रकाश और अभिनाश कुमार की भूमिका सराहनीय रही।