महाशिवरात्रि पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, 350 स्थलों पर पुलिस बल तैनात

  • Post By Admin on Feb 25 2025
महाशिवरात्रि पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, 350 स्थलों पर पुलिस बल तैनात

दरभंगा : महाशिवरात्रि पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए दरभंगा जिला प्रशासन ने कड़े सुरक्षा प्रबंध किए हैं। जिलाधिकारी और वरीय पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त आदेश जारी कर जिले के करीब 350 स्थलों पर दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और भारी संख्या में पुलिस बलों की तैनाती सुनिश्चित की है।  

शांति व्यवस्था पर नजर रखने के लिए जिला नियंत्रण कक्ष की स्थापना की गई है, जो 26 और 27 फरवरी तक 24 घंटे संचालित रहेगा। इसे तीन शिफ्ट में अधिकारियों की प्रतिनियुक्ति के साथ संचालित किया जाएगा। साथ ही, सुरक्षित दंडाधिकारी भी तैनात रहेंगे। नागरिक किसी भी आपात स्थिति में 06272-240600 नंबर पर संपर्क कर सकते हैं।  

सभी प्रखंड विकास अधिकारियों, थाना प्रभारियों और अनुमंडल पदाधिकारियों को शांति समिति की बैठक करने का निर्देश दिया गया है। ग्रामीण क्षेत्रों में आसूचना संकलन के लिए पंचायत प्रतिनिधियों, ग्राम सेवकों और अन्य स्थानीय प्रशासनिक कर्मियों का सहयोग लेने को कहा गया है।

प्रत्येक प्रखंड में वरीय प्रभारी पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी और थाना प्रभारी के समन्वय से पर्व की सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे। वहीं, अनुमंडल पदाधिकारी और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में विधि-व्यवस्था की कमान संभालेंगे।  

जिले में विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अपर समाहर्ता नीरज कुमार, अनिल कुमार और कुमार प्रशांत को उनके प्रतिनियुक्त क्षेत्रों में विशेष जिम्मेदारी दी गई है।  

संयुक्त आदेश में सभी पुलिस और दंडाधिकारियों की छुट्टियां अगले आदेश तक स्थगित कर दी गई हैं। सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहेंगे। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि असामाजिक तत्वों और अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी कार्यवाही की जाएगी।