सड़क दुर्घटना में मुखिया हेमंत कुमार सिंह सहित तीन गंभीर रुप से घायल
- Post By Admin on Feb 04 2025

- राम-जानकी पथ में राजपुर मेला चौक की है घटना
मोतिहारी : पूर्वी चंपारण जिले के केसरिया से होकर गुजरने वाली राम-जानकी पथ पर हुई भीषण सड़क दुर्घटना में फॉर्चूनर सवार कल्याणपुर प्रखंड अन्तर्गत सिसवा सोब पंचायत के मुखिया हेमंत कुमार सिंह सहित तीन लोग गंभीर रुप से घायल हो गये। यह सड़क दुर्घटना रविवार की देर रात्रि राम-जानकी पथ पर केसरिया थाना क्षेत्र के राजपुर मेला चौक पर घटित हुई। गंभीर रुप से घायल लोगों में मुखिया के अलावें आशुतोष कुमार और सोबिन सिंह शामिल हैं। मिली जानकारी के अनुसार मुखिया हेमंत कुमार सिंह अपनी फॉर्चूनर गाड़ी पर सवार होकर केसरिया से अपने घर लौट रहे थे। इसी बीच राजपुर मेला चौक पर साहेबगंज की ओर से आ रहे एक मालवाहक पिकअप ने उनकी गाड़ी में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतना जोरदार था कि मुखिया की गाड़ी पलट गई और उसमें सवार सभी लोग गंभीर रुप से जख्मी हो गये। घटना को अंजाम देने के बाद चालक पिकअप लेकर मौके से फरार हो गया। केसरिया पुलिस एवं स्थानीय लोगों की मदद से गंभीर रुप से घायल मुखिया एवं अन्य को अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रुप से घायल मुखिया और उनके एक सहयोगी की चिकित्सा मोतिहारी के एक निजी अस्पताल में की जा रही है जबकि स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तीसरे घायल सोबिन सिंह को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर ले जाया गया है।