राजकीय डिग्री महाविद्यालय मधुबन में पौधरोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
- Post By Admin on Sep 07 2026
मधुबन: राजकीय डिग्री महाविद्यालय, मधुबन में पर्यावरण संरक्षण एवं परिसर के सौंदर्यीकरण के उद्देश्य से पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। महाविद्यालय परिसर में प्राचार्य प्रो. (डॉ.) ब्रह्मचारी व्यास नंदन शास्त्री के नेतृत्व में विभिन्न प्रजातियों के फूल एवं औषधीय पौधे लगाए गए। पौधरोपण के दौरान शिक्षकों, शिक्षकेतर कर्मचारियों एवं छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस अवसर पर परिसर में अड़हुल, रंगन, रंगन ब्रस, चांदनी, तगड़ी एवं तुलसी सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए। पौधरोपण का उद्देश्य महाविद्यालय परिसर को हरा-भरा और आकर्षक बनाने के साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति विद्यार्थियों में जागरूकता पैदा करना रहा। प्राचार्य प्रो. (डॉ.) ब्रह्मचारी व्यास नंदन शास्त्री ने कहा कि पौधे हमारे जीवन को सुरक्षित एवं निरोग रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। पर्यावरण की दृष्टि से पौधे हमारे संरक्षक हैं। उन्होंने छात्र-छात्राओं को अधिक से अधिक पौधे लगाने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि पौधरोपण के साथ-साथ पौधों का संरक्षण भी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि लगाए गए पौधों की समय-समय पर देखभाल और संरक्षण किया जाना चाहिए, ताकि वे बड़े होकर पर्यावरण की सुरक्षा में अधिक प्रभावी भूमिका निभा सकें। इसके साथ ही विकसित पौधे महाविद्यालय परिसर की सुंदरता को भी बढ़ाएंगे और विद्यार्थियों को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराने में सहायक होंगे।
प्राचार्य ने विद्यार्थियों से अपने आसपास के क्षेत्रों में भी पौधरोपण करने तथा लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल किसी एक व्यक्ति या संस्था की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सहभागिता जरूरी है। कार्यक्रम में महाविद्यालय के शिक्षक डॉ. संतोष कुमार साह, डॉ. मंजूर हसन मलिक, डॉ. विजयंत कुमार मिश्र, डॉ. सुभाष कुमार, डॉ. राकेश कुमार, डॉ. संदीप कुमार सुमन एवं डॉ. अभिषेक कुमार सहित शिक्षकेतर कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। सभी ने पर्यावरण संरक्षण और परिसर को हरा-भरा बनाए रखने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।