पूर्व मध्य रेल में ट्रेड यूनियनों की मान्यता हेतु तीन दिवसीय मतदान शुरू

  • Post By Admin on Dec 05 2024
पूर्व मध्य रेल में ट्रेड यूनियनों की मान्यता हेतु तीन दिवसीय मतदान शुरू

हाजीपुर : पूर्व मध्य रेल में ट्रेड यूनियनों की मान्यता के लिए 4, 5 और 6 दिसंबर को गुप्त मतदान का आयोजन किया जा रहा है। इस संदर्भ में 4 दिसंबर, बुधवार को पूर्व मध्य रेल के 108 मतदान केंद्रों पर मतदान की प्रक्रिया शुरू हो गई। मतदान सुबह 08:00 बजे से प्रारंभ हुआ और यह 6 दिसंबर तक जारी रहेगा।

स्वतंत्र और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए मतदान केंद्रों पर 738 अधिकारी और कर्मचारी तैनात किए गए हैं। मतदान प्रक्रिया को निगरानी रखने और कड़ी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी मतदान केंद्रों पर CCTV कैमरे लगाए गए हैं। मुख्यालय में केंद्रीय नियंत्रण और कमांड सेंटर स्थापित किया गया है। जिससे पूरे मतदान की गतिविधियों पर सतर्कता से नजर रखी जा रही है।

इस चुनाव में कुल 78,228 मतदाता अपने वोट का प्रयोग करेंगे। पूर्व मध्य रेल के विभिन्न मंडलों में 108 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। जिनमें से दानापुर मंडल में 17, डीडीयू मंडल में 19, धनबाद मंडल में 33, सोनपुर मंडल में 15 और समस्तीपुर मंडल में 17 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं। इसके अतिरिक्त मुख्यालय और निर्माण विभाग में 3 मतदान केंद्र, प्लांट डिपो/डीडीयू में 2 और वर्क्सशॉप/समस्तीपुर तथा कैरेज रिपेयर वर्क्सशॉप में 1-1 मतदान केंद्र हैं।

इस चुनाव में 6 प्रमुख ट्रेड यूनियन हिस्सा ले रही हैं। इन चुनावों की प्रक्रिया की निगरानी के लिए प्रधान मुख्य कार्मिक अधिकारी बी.के. सिंह को रिटर्निंग ऑफिसर और वरिष्ठ उप महाप्रबंधक शैलेश वर्मा को केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है।

बुधवार को दिनभर के मतदान में शाम 5 बजे तक कुल 35,183 वोट डाले गए हैं। जो कुल वोटों का 44.97% है। 5 और 6 दिसंबर को भी मतदान जारी रहेगा और अंततः 6 दिसंबर को परिणाम घोषित किए जाएंगे।

सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। पुलिस बल की तैनाती और अन्य सुरक्षा उपायों के तहत चुनाव को शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से आयोजित किया जा रहा है। पूर्व मध्य रेल के इस चुनाव में कर्मचारियों के मतों के आधार पर ट्रेड यूनियनों को मान्यता प्राप्त होगी। जो रेलवे कर्मचारियों के अधिकारों और सुविधाओं के लिए महत्वपूर्ण साबित होगा।