पछुआ हवा ने बढ़ाई ठिठुरन, आदेश की अवहेलना कर रहे सभी स्कूल

  • Post By Admin on Dec 29 2022
पछुआ हवा ने बढ़ाई ठिठुरन, आदेश की अवहेलना कर रहे सभी स्कूल

बेगूसराय: बेगूसराय सहित पूरे बिहार में उत्तर-पश्चिमी ठंडी हवाओं के कारण मौसम ने कहर बरपाना शुरू कर दिया है। शीतलहर के कारण कनकनी काफी बढ़ गई है। ग्रामीण इलाकों में कोहरे और धुंध की वजह से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार अभी कम से कम एक सप्ताह तक स्थिति ऐसी ही रहेगी जिसके कारण लोगों को नए साल का जश्न मनाने का प्लान भी बदलना पड़ेगा। पछुआ हवा से बढ़ी ठंड के कारण सुबह नौ बजे तक लोग घर के अंदर कंबल और रजाई में दुबके रह रहे हैं। बढ़ी ठंड के कारण आंगनबाड़ी केंद्र 14 जनवरी तक बंद कर दिए गए हैं।

स्कूलों में भी छात्र-छात्राओं को 31 दिसम्बर तक के लिए छुट्टी दे दी गई है। लेकिन बेगूसराय के कुछ निजी विद्यालय संचालक राज्य सरकार और डीएम के आदेश को भी नहीं मानते हैं। छुट्टी का आदेश दे दिए जाने के बावजूद आज 29 दिसम्बर को भी जिला मुख्यालय के कई स्कूल पूर्व की तरह संचालित हो रहे हैं। जिसके कारण छोटे-छोटे बच्चों को भी सुबह सवेरे ठंड में कांपते हुए स्कूल जाना पड़ रहा है। सुबह टहलने से निकलने वाले अधिकांश लोगों ने घर से निकलने परहेज किया। इससे सुबह में आम दिनों की अपेक्षा शहर में सड़कों पर कम ही लोग चलते दिखे। वाहनों की आवाजाही कम रही, धूप सुबह आठ बजे निकल चुका था, लेकिन पछिया हवा के कारण उसका असर नहीं पड़ रहा था। ठंड के कारण डीएम ने सभी अंचलाधिकारी को अलाव की व्यवस्था करने का निर्देश दिया है।

डीएम के निर्देशानुसार ठंड में वृद्धि के मद्देनजर जिले के विभिन्न अंचलों में संबंधित अंचलाधिकारी द्वारा चिन्हित स्थलों पर अलाव की व्यवस्था की जा रही है, ताकि गरीब एवं निसहाय लोगों को ठंड से राहत दिलाया जा सके। डीएम के आदेश के आलोक में कुछ अंचलों में चिन्हित जगह पर अलाव की व्यवस्था की गई है। लेकिन जिला मुख्यालय से ग्रामीण क्षेत्र तक के सभी चौराहों पर अभी भी अलाव की व्यवस्था नहीं की गई है। गुरुवार को सुबह में बेगूसराय का तापमान मात्र नौ डिग्री सेल्सियस रहा, लेकिन इसमें भी सभी चौक-चौराहों पर अलाव तथा गरीबों के लिए कंबल की व्यवस्था नहीं हो सकी है। ठंड के कारण सबसे अधिक परेशानी का सामना गरीब-गुरबे और पशुपालकों को करना पड़ रहा है।

इधर, बेगूसराय में ना सिर्फ ठंड कहर बरपा रहा है, बल्कि लोगों को प्रदूषण की मार भी झेलनी पड़ रही है। जिला प्रशासन और रिफाइनरी द्वारा प्रदूषण स्तर में कमी लाने के सारे प्रयास के बावजूद कोई सफलता नहीं मिल पा रही है। गुरुवार को भी बेगूसराय डीआरसीसी में प्रदूषण का स्तर एक्यूआई 422 रहा। प्रदूषण और मौसम में हुए बदलाव से अस्पताल में मरीजों की भीड़ बढ़ गई है। शहर एवं आसपास की सड़कों पर पानी का छिड़काव किया जा रहा है, लेकिन यहां का प्रदूषण कम नहीं हो पा रहा है।