मुजफ्फरपुर: माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक विद्यालयों में विद्यार्थियों की उपस्थिति बढ़ाने और शिक्षण व्यवस्था को बेहतर बनाने को लेकर कांटी विधायक अजीत कुमार ने विद्यालय के प्राचार्य को आवश्यक निर्देश दिए हैं। अपने जनता दरबार के दौरान विद्यालय के प्राचार्य से मुलाकात कर उन्होंने कम उपस्थिति वाले विद्यार्थियों के मामले में विशेष पहल करने की बात कही।
विधायक ने निर्देश दिया कि जिन विद्यार्थियों की विद्यालय में उपस्थिति काफी कम है, उनके परिजनों से शिक्षक व्यक्तिगत रूप से मुलाकात करें। साथ ही, संबंधित अभिभावकों के नाम लिखित सूचना भी जारी की जाए, ताकि बच्चों को नियमित विद्यालय भेजने के प्रति परिवारों को जागरूक किया जा सके। उन्होंने कहा कि इस पहल से विद्यार्थियों की उपस्थिति बढ़ेगी, शिक्षण व्यवस्था मजबूत होगी और बच्चों को शिक्षा का बेहतर लाभ मिल सकेगा। अजीत कुमार ने कहा कि क्षेत्र में विकास की धारा हर जगह पहुंचाना उनकी जिम्मेदारी है। बच्चे समाज की रीढ़ हैं और समाज की मजबूती तभी संभव है, जब बच्चों को बेहतर शिक्षा मिले। उन्होंने विद्यालयों में बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने पर जोर देते हुए शिक्षकों से इस दिशा में गंभीरता से काम करने की अपील की।
विधायक ने शिक्षा माफियाओं का भी उल्लेख करते हुए कहा कि उनके कारण भी विद्यालयों में विद्यार्थियों की उपस्थिति प्रभावित होती है। ऐसे में विद्यालय के शिक्षक इस समस्या पर विशेष ध्यान दें और बच्चों को शिक्षा से जोड़ने के लिए आवश्यक कदम उठाएं।
















