श्री चित्रगुप्त पूजनोत्सव का धूमधाम से आयोजन, कायस्थ समाज ने की आराध्य देव की पूजा
- Post By Admin on Nov 04 2024
लखीसराय : कलम-दवात के देवता और कायस्थ समाज के आराध्य श्री चित्रगुप्त महाराज का पूजनोत्सव रविवार को जिले भर में उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया गया। शहर के नया बाजार स्थित पचना रोड के सिन्हा पाली क्लीनिक परिसर में भी भगवान चित्रगुप्त जी की प्रतिमा स्थापित कर विधिवत पूजा-अर्चना की गई। पंडित ने यजमान डॉ. प्रवीण कुमार सिन्हा के हाथों पूजा संपन्न कराई। पूजा के दौरान कायस्थ समाज के अलावा अन्य प्रबुद्ध लोग भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
पूजा और आरती के बाद सभी श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया, और शाम को सहभोज का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए और प्रसाद ग्रहण किया।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, परमपिता ब्रह्मा ने सृष्टि की रचना के पश्चात चार वर्णों का निर्माण किया। यमराज ने ब्रह्मा से प्राणियों के कर्मों का लेखा-जोखा रखने में सहायता मांगी, तब ब्रह्मा ने गहन तपस्या की। तपस्या समाप्त करने पर उन्होंने कलम, दवात, पुस्तक और तलवार लिए एक युवक को सामने पाया, जो ब्रह्मा के चित में गुप्त रूप से निवास करता था। ब्रह्मा ने उसे चित्रगुप्त नाम दिया और उसे सभी प्राणियों के कर्मों का लेखा रखने और न्याय करने का कार्य सौंपा।
इस परंपरा के अंतर्गत, कायस्थ समाज के लोग हर वर्ष अपने आराध्य देवता श्री चित्रगुप्त की पूजा करते हैं। इस अवसर पर मुकेश कुमार सिन्हा, अजय अंबष्ठ समेत कई समाजसेवियों ने भाग लिया।