बिहार में दो दारोगा की हत्या से बढ़ी सुरक्षा की चिंता, जमशेद आदिल सोनू ने सरकार पर उठाए सवाल
- Post By Admin on Mar 21 2025

समस्तीपुर : बिहार में दो दारोगा की हत्या ने राज्य की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। इस घटनाक्रम ने यह साफ कर दिया है कि बिहार में ना केवल आम नागरिकों, बल्कि पुलिसकर्मी भी अपराधियों के निशाने पर हैं। इस मुद्दे पर वारिसनगर विधानसभा क्षेत्र से संभावित उम्मीदवार जमशेद आदिल सोनू ने राज्य सरकार की नीतियों और अपराधियों के बढ़ते हौसले पर कड़ी आलोचना की है।
जमशेद आदिल सोनू ने कहा, “बिहार अब महाजंगल राज में तब्दील हो चुका है, जहां नागरिकों के साथ-साथ पुलिसकर्मी भी अपनी जान की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। डबल इंजन की सरकार में अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि वे बेखौफ होकर अपराध की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं।”
उन्होंने आगे कहा, “बीते दिनों बिहार में दो दारोगा की हत्या की घटना ने यह साबित कर दिया है कि अब जिनके कंधों पर आम लोगों की सुरक्षा की जिम्मेदारी है, वे भी सुरक्षित नहीं हैं।” जमशेद आदिल ने अररिया जिला के फुलकाहा थाना क्षेत्र में दारोगा राजीव रंजन की हत्या और मुंगेर जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में दारोगा संतोष कुमार सिंह की हत्या का जिक्र करते हुए कहा कि इन घटनाओं ने बिहार के लोगों को यह सोचने पर मजबूर कर दिया है कि वे किसके भरोसे अपनी सुरक्षा करें।
उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार में नीतीश कुमार की सरकार का इकबाल खत्म हो चुका है और अब पुलिस प्रशासन का भी कोई डर अपराधियों के मन में नहीं रहा है। “अपराधी बेखौफ होकर अपराधों को अंजाम दे रहे हैं, जबकि शासन और प्रशासन मौन हैं और सुशासन का राग अलापने में व्यस्त हैं।"
साथ ही, उन्होंने यह भी कहा कि जब राज्य सरकार अपने नागरिकों और पुलिसकर्मियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर नहीं है, तो उसे सत्ता में बने रहने का कोई अधिकार नहीं है। उनका कहना था कि राज्य में जिस तरह से कानून और व्यवस्था की स्थिति बिगड़ रही है, वह गंभीर चिंता का विषय है।