दरभंगा स्थापना दिवस के कार्यक्रम हेतु कलाकारों की स्क्रुटनी हुई पूरी
- Post By Admin on Dec 27 2024

दरभंगा : दरभंगा जिला के 151वें स्थापना दिवस समारोह का आयोजन 31 दिसंबर 2024 और 1 जनवरी 2025 को धूमधाम से किया जाएगा। इस अवसर पर रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। जिसमें विभिन्न कला रूपों की प्रस्तुति होगी। बीते गुरुवार को दरभंगा के प्रेक्षागृह (ऑडिटोरियम) में जिला स्थापना दिवस के सांस्कृतिक कार्यक्रम के लिए कलाकारों की स्क्रुटनी की गई। इस अवसर पर करीब 150 प्रतिभागियों ने अपने-अपने कला रूपों की प्रस्तुति दी।
जिनमें से 12 टीमों का चयन किया गया। यह चयन शास्त्रीय और लोक नृत्य, कथक नृत्य, मैथिली गायन, गजल, भजन और लोक गाथा जैसी विधाओं में किया गया। मुख्य सांस्कृतिक कार्यक्रम 1 जनवरी 2025 को अपराह्न 5:00 बजे से 8:00 बजे तक आयोजित किया जाएगा। इसमें सूचना और जनसंपर्क विभाग के कलाकार सरकारी कल्याणकारी योजनाओं के बारे में गीत, संगीत, नृत्य और नाटक के माध्यम से प्रस्तुति देंगे।
स्थापना दिवस के मुख्य समारोह का आयोजन 31 दिसंबर 2024 को नेहरू स्टेडियम और ऑडिटोरियम, लहेरियासराय में होगा। इस दिन विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी। जिनमें वॉलीबॉल, हैंडबॉल, 1600 मीटर रेस, जैवलिन थ्रो, डिस्कस थ्रो और लॉन्ग जम्प प्रमुख हैं। ये प्रतियोगिताएं प्रातः 8:00 बजे से शुरू होंगी। दरभंगा जिला प्रशासन ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे 151वें जिला स्थापना दिवस समारोह में भाग लेकर इस ऐतिहासिक दिन को यादगार बनाएं। इस आयोजन में जिला भू-अर्जन पदाधिकारी बालेश्वर प्रसाद, वरीय अपर समाहर्त्ता वृषभानु चंद्रा, कला एवं संस्कृति पदाधिकारी चंदन कुमार, डीपीओ शिक्षा (माध्यमिक) नवीन कुमार ठाकुर और अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित थे।