स्कीम वर्कर्स ने की राज्यकर्मी का दर्जा एवं वेतन की मांग 

  • Post By Admin on Feb 17 2025
स्कीम वर्कर्स ने की राज्यकर्मी का दर्जा एवं वेतन की मांग 

समस्तीपुर : रविवार को ताजपुर के स्थानीय जनता मैदान में आशा, कुरियर, विद्यालय प्रहरी, रसोईया, सेविका-सहायिका, ममता, जीविका, सफाईकर्मी और अन्य स्कीम वर्कर्स का संयुक्त कन्वेंशन आयोजित किया गया। इस कन्वेंशन की अध्यक्षता सविता कुमारी, संजू कुमारी और गिरजा देवी ने की। जबकि संचालन प्रभात रंजन गुप्ता ने किया। कार्यक्रम में भाकपा माले प्रखंड सचिव सुरेंद्र प्रसाद सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

बैठक में स्कीम वर्कर्स ने एकजुट होकर राज्यकर्मी का दर्जा एवं उचित वेतन देने की मांग की। इस मौके पर गिरजा देवी, सुनीता देवी और अन्य प्रतिनिधियों ने अपने विचार रखे और स्कीम वर्कर्स के शोषण के खिलाफ आवाज उठाई।

भाकपा माले प्रखंड सचिव सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने अपने संबोधन में कहा, “स्कीम वर्कर्स को न्यूनतम मजदूरी भी नहीं मिल रही है, जबकि सरकारी कामों में उनका महत्वपूर्ण योगदान होता है। दूसरे राज्यों में बिहार से अधिक वेतन दिया जाता है। यहां तक कि स्कीम वर्कर्स को अपने कार्यों में अपने परिवार के सदस्य, जैसे बेटे और पति से भी सहयोग लेना पड़ता है, फिर भी वे सरकारी उपेक्षा का शिकार हैं।”

सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने आगे कहा कि 2025 का चुनावी वर्ष है और हमें अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करना होगा। इसके लिए स्कीम वर्कर्स में एकता का निर्माण जरूरी है। अंत में, कन्वेंशन में एक प्रस्ताव पारित किया गया जिसमें आगामी 2 मार्च को पटना के गांधी मैदान में आयोजित “बदलो बिहार महाजुटान” रैली में बड़ी भागीदारी सुनिश्चित करने की घोषणा की गई। इस रैली का उद्देश्य सरकार से स्कीम वर्कर्स के अधिकारों की पूर्ति और उनके मुद्दों का समाधान करना है।