सावित्रीबाई फुले जयंती पखवाड़ा पर स्त्री संवाद आयोजित

  • Post By Admin on Jan 10 2023
सावित्रीबाई फुले जयंती पखवाड़ा पर स्त्री संवाद आयोजित

मुजफ्फरपुर : मंगलवार को जिला के मालीघाट स्थित सरला श्रीवास सामाजिक सांस्कृतिक शोध संस्थान द्वारा राष्ट्रीय सम्मान से सम्मानित माधुरी यादव की अध्यक्षता में "स्त्री संवाद" आयोजित की गई। अध्यक्षीय संबोधन में माधुरी यादव ने स्त्री अधिकारों एवं शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य के लिए सावित्रीबाई फुले को याद किया। उन्होंने बताया कि भारत के पहले बालिका विद्यालय की पहली प्रिंसिपल और पहले किसान स्कूल की संस्थापक एवं भारत में सामाजिक सुधार आंदोलन में एक सबसे महत्त्वपूर्ण व्यक्ति के रूप में  सावित्रीबाई फुले को महिलाओं और दलित जातियों को शिक्षित करने के प्रयासों के लिए जाना जाता है।

मुख्य अतिथि डॉ. एस. एस. बिहारी ने बताया कि सावित्रीबाई ने अपने जीवन को एक मिशन की तरह जिया जिसका उद्देश्य था विधवा विवाह करवाना, छुआछूत मिटाना, महिलाओं की मुक्ति और दलित महिलाओं को शिक्षित बनाना। राष्ट्रीय सेवा योजना की स्वयंसेवक शिल्पी कुमारी ने बताया कि सती प्रथा और बाल विवाह जैसे कुरीतियों के विरुद्ध भी सावित्रीबाई फुले ने जमकर संघर्ष किया।

इस दौरान राष्ट्रीय समान से सम्मानित माधुरी यादव को क्रांतिज्योति "सावित्रीबाई फुले" सम्मान से सम्मानित किया गया एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवक शिल्पी कुमारी को स्त्री रत्न सरला श्रीवास सम्मान से सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर मुख्य रूप से अदिति ठाकुर, सुमन कुमारी, आदित्य राज ठाकुर, अंसिका कुमारी, शिवम कुमारी, अमन कुमार, लोक कलाकार सुनील कुमार मौजूद थे। धन्यवाद ज्ञापन सरला श्रीवास सामाजिक सांस्कृतिक शोध संस्थान की संरक्षक कांता देवी ने दिया।