देहरादून : उत्तराखंड में मौसम का मिजाज एक बार फिर बिगड़ गया है। राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने देहरादून, नैनीताल, चंपावत, उधमसिंहनगर और बागेश्वर समेत पांच जनपदों में भारी वर्षा की चेतावनी दी है। हालात को देखते हुए प्रशासन ने कुल 9 जिलों में शैक्षणिक संस्थानों को बंद करने का आदेश जारी किया है।
स्कूलों में अवकाश, सतर्कता के निर्देश
पौड़ी, अल्मोड़ा और बागेश्वर सहित नौ जनपदों में आज सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में छुट्टी घोषित कर दी गई है। कक्षा 1 से 12वीं तक के छात्रों के लिए यह निर्णय सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।
केदारनाथ धाम यात्रा पर रोक
बारिश के कारण रुद्रप्रयाग जिले में स्थित श्री केदारनाथ धाम की यात्रा फिलहाल रोक दी गई है। लगातार बारिश और भूस्खलन के चलते सोनप्रयाग-गौरीकुंड मार्ग मलबे से बाधित हो गया है, जबकि मंदाकिनी नदी उफान पर है।
रुद्रप्रयाग के एसपी अक्षय प्रल्हाद कोंडे ने बताया कि यात्रा मार्ग में पत्थर गिरने की आशंका और खतरे को देखते हुए सुरक्षा के लिहाज से यह निर्णय लिया गया है। जहां-जहां श्रद्धालु हैं, उन्हें वहीं सुरक्षित रोक दिया गया है। केदारनाथ धाम के पैदल मार्ग और पूरे जनपद में पुलिस बल अलर्ट पर है।
मंदाकिनी और अलकनंदा में जलस्तर बढ़ा
रुद्रप्रयाग से गुजरने वाली मंदाकिनी और अलकनंदा नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। प्रशासन ने स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे नदी किनारे जाने से बचें और अनावश्यक यात्रा न करें।
बद्रीनाथ मार्ग भी बाधित
इधर बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर भी भूस्खलन के कारण यातायात प्रभावित हुआ है। पर्यटक फंसे हुए हैं, हालांकि स्थानीय प्रशासन लगातार मार्ग को साफ करने और यातायात बहाल करने में जुटा है। एक पर्यटक ने बताया कि "प्रशासन सक्रिय है और सभी की मदद कर रहा है, जिससे उम्मीद है कि स्थिति जल्द सामान्य हो जाएगी।"
रेड अलर्ट के बीच प्रशासन अलर्ट मोड पर
मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। राज्य आपदा प्रबंधन विभाग और स्थानीय प्रशासन राहत और बचाव कार्यों में जुटा हुआ है। सेना और एनडीआरएफ की टीमें उत्तरकाशी में पहले से ही राहत अभियान चला रही हैं, जहां मंगलवार को बादल फटने की घटना में भारी जानमाल का नुकसान हुआ था।
जनता से प्रशासन की अपील
राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन ने आमजन और श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे मौसम की गंभीरता को देखते हुए पूरी सतर्कता बरतें और घर से अनावश्यक रूप से बाहर न निकलें।




















