आर.डी.एस. कॉलेज में उत्साहपूर्वक मनाया गया एन.एस.एस. दिवस
- Post By Admin on Sep 25 2025

मुजफ्फरपुर : आर.डी.एस. कॉलेज, मुजफ्फरपुर में राष्ट्रीय सेवा योजना (एन.एस.एस.) का स्थापना दिवस बड़े ही उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से हुई, जिसमें विद्यार्थियों ने अपनी अद्भुत प्रतिभा का प्रदर्शन कर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कॉलेज के प्राचार्य डॉ. शशि भूषण कुमार ने स्वयंसेवकों को शुभकामनाएं दीं और समाज सेवा के प्रति निरंतर जागरूक रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि, “एन.एस.एस. जैसे मंच विद्यार्थियों को केवल शिक्षा ही नहीं देते, बल्कि उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनने की दिशा में प्रेरित भी करते हैं।” कार्यक्रम अधिकारी डॉ. सौरव राज ने अपने संबोधन में कहा कि हर छात्र में समाज को बेहतर बनाने की शक्ति होती है। उन्होंने बताया कि शिक्षा केवल ज्ञान तक सीमित नहीं, बल्कि आत्मविश्वास, सहानुभूति और सामाजिक जिम्मेदारी का विकास भी करती है।
प्राध्यापकों की सक्रिय भागीदारी
कार्यक्रम में कॉलेज के कई प्राध्यापक भी शामिल हुए और विद्यार्थियों को मार्गदर्शन दिया। डॉ. नीलिमा झा ने महिलाओं की भागीदारी और युवा सशक्तिकरण पर जोर दिया। डॉ. आर.एन. ओझा ने एन.एस.एस. की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि और वर्तमान प्रासंगिकता बताई। डॉ. रमेश गुप्ता ने कहा कि एन.एस.एस. छात्रों में नेतृत्व क्षमता विकसित करता है। डॉ. रजनीकांत पांडे ने समाज के वंचित वर्गों की सेवा को जरूरी बताया। वहीं, डॉ. प्रियंका दीक्षित ने इसे विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का सशक्त माध्यम कहा और डॉ. राजीव कुमार ने युवाओं में सामाजिक उत्तरदायित्व जागृत करने पर बल दिया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां
एन.एस.एस. वॉलंटियर्स प्रणव और हर्ष ने तबले और गिटार पर मधुर गीत प्रस्तुत किया। इसके बाद आलिया, संभावी, श्रावणी, श्रेया, हर्ष, पर्पस्टम, रचित और निखिल ने मिलकर ‘एन.एस.एस. गीत’ को भावपूर्ण अंदाज में गाया, जिसने दर्शकों का मन मोह लिया।
संकल्प के साथ हुआ समापन
कार्यक्रम का संचालन राहुल, आलिया और रचित ने किया। समापन पर सभी स्वयंसेवकों ने एक स्वर में संकल्प लिया कि वे “Not Me, But You” की भावना को जीवन में अपनाकर सदैव समाज की सेवा करेंगे। इस आयोजन ने यह संदेश दिया कि एन.एस.एस. केवल एक योजना नहीं, बल्कि एक ऐसा आंदोलन है जो युवाओं को संवेदनशील, जिम्मेदार और कर्मठ नागरिक बनने के लिए प्रेरित करता है।