प्रधानमंत्री ने ओडिशा में 18वें प्रवासी भारतीय दिवस सम्मेलन का किया उद्घाटन 

  • Post By Admin on Jan 10 2025
प्रधानमंत्री ने ओडिशा में 18वें प्रवासी भारतीय दिवस सम्मेलन का किया उद्घाटन 

भुवनेश्वर : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ओडिशा के भुवनेश्वर में आयोजित 18वें प्रवासी भारतीय दिवस (पीबीडी) सम्मेलन का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने भारतीय प्रवासियों के लिए एक विशेष पर्यटक ट्रेन, प्रवासी भारतीय एक्सप्रेस की पहली यात्रा को हरी झंडी दिखाई, जो भारत के विभिन्न धार्मिक और पर्यटन स्थलों की यात्रा करेगी।

प्रधानमंत्री मोदी ने सम्मेलन के उद्घाटन में प्रवासी भारतीयों के योगदान को सराहा और उनके द्वारा किए गए सामाजिक और सांस्कृतिक योगदान को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि प्रवासी भारतीय दिवस भारत और उसके प्रवासियों के बीच संबंधों को प्रगाढ़ करने वाली एक संस्था बन चुकी है।

प्रधानमंत्री ने अपने भाषण में ओडिशा की समृद्ध सांस्कृतिक और ऐतिहासिक धरोहर का उल्लेख किया। जिसमें उदयगिरि और खंडगिरि की गुफाएं, कोणार्क का सूर्य मंदिर और सम्राट अशोक के शांति स्थल धौली शामिल हैं। उन्होंने यह भी कहा कि ओडिशा की भूमि भारतीय प्रवासियों की ऐतिहासिक समुद्री यात्राओं का प्रतीक है, जो बाली, सुमात्रा और जावा जैसे स्थानों तक जाती थीं।

प्रधानमंत्री ने कहा, “हम सिर्फ लोकतंत्र की जननी नहीं हैं, लोकतंत्र हमारे जीवन का अभिन्न अंग है,” और साथ ही यह भी कहा कि 21वीं सदी का भारत असाधारण गति से प्रगति कर रहा है। उन्होंने भारत के डिजिटल इंडिया, चंद्रयान मिशन और अन्य विज्ञान-तकनीकी क्षेत्रों में हाल ही में हुई बड़ी सफलताओं को गर्व से साझा किया।

इसके अलावा, प्रधानमंत्री मोदी ने प्रवासी भारतीयों से भारत के सच्चे इतिहास को दुनिया के सामने लाने की अपील की। उन्होंने कहा कि “भारत अब विश्व बंधु के रूप में पहचाना जाता है” और प्रवासी भारतीयों को वैश्विक मंच पर भारत की पहचान को और मजबूती से प्रस्तुत करने का आह्वान किया।

प्रधानमंत्री ने इस अवसर पर प्रवासी भारतीय एक्सप्रेस ट्रेन की यात्रा के बारे में भी जानकारी दी, जो दिल्ली से रवाना होकर भारत के धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों की यात्रा करेगी। इसके माध्यम से लगभग 150 प्रवासी भारतीयों को भारत के धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व के स्थलों का दौरा करने का अवसर मिलेगा।

इसके अतिरिक्त, प्रधानमंत्री ने प्रवासी भारतीयों के लिए किए गए कई सुविधाओं का उल्लेख किया। जिनमें भारतीय दूतावासों में नए सेवाओं की शुरुआत, ऑनलाइन “मेड इन इंडिया” उत्पादों को बढ़ावा देने के प्रयास और भारत में कुशल भारतीय युवाओं के लिए वैश्विक अवसरों को बढ़ावा देने की पहलें शामिल हैं।

प्रधानमंत्री मोदी ने इस मौके पर प्रवासी भारतीयों को भारत के विकास में योगदान देने के लिए धन्यवाद दिया और उन्हें भारत के साथ अपने रिश्तों को और मजबूत करने की प्रेरणा दी। इस अवसर पर ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी, केंद्रीय मंत्री एस. जयशंकर, अश्विनी वैष्णव, प्रल्हाद जोशी और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।