पत्रकार प्रेस परिषद की ऐतिहासिक पहल, पत्रकारों के लिए अनिवार्य ड्रेस कोड लागू
- Post By Admin on Feb 09 2026
लखनऊ: भारतीय पत्रकारिता के इतिहास में एक नई पहल करते हुए पत्रकार प्रेस परिषद ने अपने संगठन में पहली बार अनिवार्य ड्रेस कोड लागू कर दिया है। इस निर्णय के जरिए पत्रकारों को न केवल एक समान पहचान दी गई है, बल्कि अनुशासन और संगठनात्मक एकरूपता का भी स्पष्ट संदेश दिया गया है। यह ऐतिहासिक फैसला परिषद के राष्ट्रीय चेयरमैन ऋषभ मिश्रा आज़ाद के नेतृत्व में लिया गया।
आज लखनऊ के एक प्रतिष्ठित होटल में आयोजित परिषद की महत्वपूर्ण बैठक संकल्प–2026 में इस निर्णय का प्रभाव स्पष्ट रूप से देखने को मिला। बैठक में परिषद के सभी पदाधिकारी और सदस्य सफेद पैंट, सफेद शर्ट और सफेद सदरी पहनकर उपस्थित हुए। यह दृश्य पत्रकारिता में अनुशासन, मर्यादा और एकजुटता का प्रतीक बनकर सामने आया। बैठक में चेयरमैन ऋषभ मिश्रा आज़ाद के साथ नेशनल ब्रांड एंबेसडर ज्योति बाबा तथा उत्तर प्रदेश प्रदेश अध्यक्ष मनीष मिश्रा की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम के दौरान संगठन की कार्यशैली, भविष्य की योजनाओं और पत्रकारों के हितों से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई। पत्रकार प्रेस परिषद को देश का एकमात्र ऐसा पत्रकार संगठन बताया गया, जो अपने पदाधिकारियों और सक्रिय सदस्यों को तीन लाख रुपये का बीमा, नियुक्ति पत्र, पहचान पत्र, डोरी होल्डर, स्टीकर तथा घर पर लगाने के लिए नेम प्लेट जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराता है। इस अवसर पर तीन लाख रुपये के बीमा का वितरण प्रदेश अध्यक्ष मनीष मिश्रा द्वारा किया गया, नेम प्लेट चेयरमैन ऋषभ मिश्रा आज़ाद ने प्रदान की, जबकि पहचान पत्र नेशनल ब्रांड एंबेसडर ज्योति बाबा द्वारा वितरित किए गए।
कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष राजेश निगम और मंडल महासचिव उदयभान सिंह ने परिषद के पदाधिकारियों और सदस्यों को नियुक्ति पत्र सौंपे। साथ ही संगठन विस्तार के तहत कई अहम नियुक्तियों की घोषणा की गई। आर. पी. त्रिपाठी को उत्तर प्रदेश प्रदेश सचिव, सुरेश कुमार द्विवेदी को बुंदेलखंड कार्यवाहक संयोजक तथा राजेंद्र प्रसाद वर्मा को बुंदेलखंड सचिव बनाया गया। इसके साथ ही बुंदेलखंड क्षेत्र के दो मंडलों और सात जिलों का दायित्व भी सौंपा गया।
इसके अतिरिक्त कानपुर नगर और कानपुर देहात में भी विभिन्न पदों पर नियुक्तियां की गईं। जिला सलाहकार, विधिक सलाहकार, तहसील अध्यक्ष सहित कई पदों पर नए लोगों को जिम्मेदारी दी गई। बैठक के दौरान बड़ी संख्या में सदस्यों को सदस्यता और पहचान पत्र प्रदान किए गए, जिनमें पत्रकारिता से जुड़े कई सक्रिय चेहरे शामिल रहे। चेयरमैन ऋषभ मिश्रा आज़ाद ने अपने संबोधन में कहा कि किसी भी संगठन को मजबूती से चलाने के लिए नियम, अनुशासन और समर्पण अनिवार्य है। ड्रेस कोड से पत्रकारों को एक नई पहचान मिलेगी और समाज में उनकी छवि और अधिक सशक्त होगी। वहीं प्रदेश अध्यक्ष मनीष मिश्रा ने कहा कि अब पत्रकार अकेला नहीं है, पत्रकार प्रेस परिषद हर पत्रकार के साथ मजबूती से खड़ी है।
कार्यक्रम के अंत में नेशनल ब्रांड एंबेसडर ज्योति बाबा ने उपस्थित सभी लोगों को राष्ट्रीय एकता, अखंडता और नशा मुक्त भारत का संकल्प दिलाया। बैठक में मंचासीन सभी पदाधिकारी और सदस्य ड्रेस कोड में उपस्थित रहे, जिसने आयोजन को और भी अनुशासित व प्रभावशाली बना दिया।