लखीसराय : भारत माता मंदिर परिसर, शिवनगर, लोसघानी पंचायत में पर्यावरण भारती के तत्वावधान में अमर शहीद वीरांगना झलकारी बाई के जन्म दिवस पर वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व पर्यावरण प्रहरी नवीन निराला ने किया। उन्होंने वृक्षारोपण को धरती माता का आँचल हरा-भरा रखने का माध्यम बताते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को जीवन में कम से कम 10 वृक्ष लगाने चाहिए ताकि पर्यावरण संतुलन बना रहे और प्राकृतिक ऑक्सीजन की कमी से बचा जा सके।
पर्यावरण भारती के संस्थापक और पर्यावरण संरक्षण गतिविधि के प्रांत संयोजक राम बिलास शांडिल्य ने झलकारी बाई के योगदान को याद करते हुए कहा कि उनका जीवन प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने 1857 के स्वतंत्रता संग्राम में वीरता का परिचय दिया और झाँसी की रानी लक्ष्मीबाई की विश्वासपात्र बनकर अंग्रेजों के खिलाफ युद्ध लड़ा। उनके बलिदान की स्मृति में वृक्षारोपण जैसे कार्यक्रम पर्यावरण और इतिहास को संरक्षित रखने का प्रयास हैं।
कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण के महत्व को रेखांकित करते हुए बताया गया कि झलकारी बाई का जन्म 22 नवंबर 1830 को उत्तर प्रदेश के झाँसी जिले के भोजला गाँव में हुआ था। स्वतंत्रता संग्राम में उनके अद्वितीय योगदान को सम्मानित करने के लिए भारत सरकार ने 2001 में उनके नाम से डाक टिकट जारी किया और देश के विभिन्न स्थानों पर उनकी प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। इस अवसर पर नवीन निराला, पिंटू कुमार, शशि प्रसाद, सोनू कुमार, मन्नू महतो, दीपेश कुमार, धर्मेंद्र पटेल, शिवम पटेल और श्रुति पटेल सहित कई लोगों ने वृक्षारोपण में भाग लिया।




















