विश्व प्रेस स्वतंत्रता दिवस पर मातृत्व सेवा सदन में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित
- Post By Admin on May 03 2025

लखीसराय : विश्व प्रेस स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मातृत्व सेवा सदन परिसर में पर्यावरण भारती के तत्वावधान में विशेष पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर देववृक्ष बरगद तथा औषधीय गुणों से युक्त पथरचूर के कुल 10 पौधे लगाए गए। कार्यक्रम का नेतृत्व पर्यावरण नारी शक्ति प्रांत टोली की सदस्या एवं प्रख्यात चिकित्सक डॉ. शालिनी सिंह ने किया।
पौधारोपण कार्यक्रम में उपस्थित पर्यावरण भारती के संस्थापक एवं पर्यावरण संरक्षण गतिविधि के प्रांत संयोजक राम बिलास शाण्डिल्य ने पर्यावरण के संरक्षण पर जोर देते हुए कहा कि "पर्यावरण जल, जमीन, जंगल, जानवर और जन से मिलकर बना है, जिसमें मानव का स्थान अंतिम है। यदि जल, जमीन, जंगल और जानवर सुरक्षित रहेंगे, तभी मानव जीवन बचेगा।" उन्होंने जल संकट, वर्षा जल संरक्षण की आवश्यकता, प्लास्टिक बहिष्कार और वृक्षारोपण के प्रति जागरूकता फैलाने पर विशेष बल दिया।
उन्होंने चिंता जताई कि किऊल नदी सूखने के कगार पर है और जमुई का भूगर्भीय जलस्तर 15 फीट नीचे चला गया है। साथ ही प्राकृतिक जल स्रोतों को नष्ट किए जाने और सिंगल यूज़ प्लास्टिक के दुष्प्रभावों की ओर भी ध्यान दिलाया।
इस मौके पर पर्यावरणविद् एवं वरिष्ठ पत्रकार प्रो. राम जीवन साहू ने कहा कि 3 मई को पूरी दुनिया में विश्व प्रेस स्वतंत्रता दिवस मनाया जाता है, जो 1991 की विंडहोक घोषणा की स्मृति में संयुक्त राष्ट्र द्वारा 1993 से आरंभ किया गया था। उन्होंने कहा, "एक स्वतंत्र प्रेस लोकतंत्र की रीढ़ है। प्रेस नागरिकों और सरकार के बीच सेतु का काम करता है। 1975 के आपातकाल में प्रेस की आजादी को छीन लिया गया था, जो लोकतंत्र पर गंभीर खतरा था।"
उन्होंने इस दिन को यादगार बनाने के लिए पर्यावरण सरंक्षण जैसे रचनात्मक कार्यों की सराहना की और प्रेस की स्वतंत्रता व पत्रकारों की सुरक्षा पर बल दिया।
पौधारोपण कार्यक्रम में डॉक्टर वीणा सिंह, प्रो. राम जीवन साहू, रानी हेम्ब्रम, सोनी कुमारी, पूजा कुमारी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम में सभी ने वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई।