पटना : विश्व फोटोग्राफी दिवस के अवसर पर पर्यावरण भारती ने पटना महानगर के राजेन्द्र नगर शाखा मैदान परिसर में पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया। इस कार्यक्रम का नेतृत्व पर्यावरण भारती पटना महानगर पेड़ उपक्रम प्रमुख हिमालय ने किया।
पर्यावरण भारती के संस्थापक एवं पर्यावरण संरक्षण गतिविधि के प्रांत संयोजक राम बिलास शाण्डिल्य ने कहा कि पर्यावरण असंतुलन ही प्राकृतिक आपदाओं का मुख्य कारण है। उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि हाल ही में जम्मू-कश्मीर के कठुआ में बादल फटने से आई बाढ़ में सात लोगों की मौत हो गई, वहीं बिहार और उत्तर प्रदेश में बज्रपात से भी कई लोग काल के गाल में समा गए।
उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से पर्यावरण भारती की स्थापना 2008 में पटना महानगर में की गई थी। संगठन बिना किसी सरकारी सहयोग के वृक्षारोपण अभियान चला रहा है। उन्होंने लोगों से अपील की कि हर व्यक्ति अपने घर के आसपास कम से कम 10 पेड़ लगाए और पांच वर्षों तक उनकी देखभाल करे।
कार्यक्रम में शामिल भारतीय मूल के अमेरिकी मनोचिकित्सक डॉ. मनोहर शिन्दे ने कहा कि स्वस्थ जीवन के लिए शुद्ध प्राकृतिक ऑक्सीजन बेहद जरूरी है। अमेरिका जैसे देशों में प्रदूषण इतना अधिक है कि वहां ऑक्सीजन बूथ पर शुल्क देकर ऑक्सीजन लेनी पड़ती है, जबकि भारत में पीपल, बरगद, गूलर और पाकड़ जैसे वृक्ष नि:शुल्क ऑक्सीजन बूथ के समान हैं। उन्होंने सुझाव दिया कि बच्चों के जन्म दिवस पर पौधारोपण को एक परंपरा बनाया जाना चाहिए।
गौरतलब है कि 19 अगस्त 1839 को फ्रांस सरकार ने पहली बार जनता को नि:शुल्क फोटोग्राफी उपलब्ध कराई थी। बाद में संयुक्त राष्ट्र संघ ने इस दिन को “विश्व फोटोग्राफी दिवस” घोषित किया। इस वर्ष 2025 का थीम है – मेरी पसंदीदा तस्वीर। भारत के पहले फोटोग्राफर लाला दीन दयाल रहे, जिन्होंने मेरठ (उत्तर प्रदेश) में जन्म लिया था। उनके बाद रघु राय और डब्बू रत्नानी जैसे फोटोग्राफरों ने अपनी पहचान बनाई।
इस पौधारोपण अभियान में डॉ. मनोहर शिन्दे, रामाशीष सिंह, राम बिलास शाण्डिल्य, हिमालय, बैंककर्मी विनोद साह, कृष्ण मुरारी सिंह, मुरली मनोहर बर्णवाल, नीरज नयन, विजय कुमार, अरविंद कुमार और मनोज कुमार सिन्हा सहित कई लोग मौजूद रहे।




















