कार्तिक पूर्णिमा पर करें अन्न, दीप और तिल-गुड़ का दान, मिलेगी विष्णु-लक्ष्मी की कृपा और समृद्धि

  • Post By Admin on Nov 05 2025
कार्तिक पूर्णिमा पर करें अन्न, दीप और तिल-गुड़ का दान, मिलेगी विष्णु-लक्ष्मी की कृपा और समृद्धि

नई दिल्ली : हिंदू पंचांग के अनुसार कार्तिक पूर्णिमा का दिन धार्मिक और आध्यात्मिक दृष्टि से अत्यंत शुभ माना जाता है। यह दिन भगवान विष्णु को समर्पित होता है और इस दिन किया गया स्नान, पूजा और दान सौ गुना अधिक फलदायी माना जाता है।

माना जाता है कि कार्तिक पूर्णिमा पर किया गया पुण्य कर्म जन्म-जन्मांतर के पापों से मुक्ति दिलाता है और भगवान विष्णु तथा मां लक्ष्मी की असीम कृपा प्राप्त होती है। इस वर्ष कार्तिक पूर्णिमा का पर्व बुधवार को पड़ रहा है और श्रद्धालु देशभर में पवित्र नदियों के घाटों पर स्नान और दीपदान कर रहे हैं।

धर्मशास्त्रों के अनुसार इस दिन अन्न दान का विशेष महत्व है। श्रद्धालु गेहूं, चावल, दाल, आटा या चीनी जैसी वस्तुओं का दान कर सकते हैं। ऐसा करने से घर में अन्न और समृद्धि की कभी कमी नहीं होती।

कार्तिक पूर्णिमा पर दीपदान करना भी अत्यंत शुभ माना गया है। घर, मंदिर या नदी के घाट पर दीप जलाकर दान करने से जीवन के अंधकार दूर होते हैं और सौभाग्य की वृद्धि होती है।

इसके साथ ही तिल, गुड़ और घी का दान उत्तम स्वास्थ्य का कारक माना जाता है। कहा जाता है कि इन वस्तुओं का दान करने से भगवान विष्णु और मां लक्ष्मी की कृपा बनी रहती है।

धार्मिक परंपराओं में कपड़ों, खासकर गर्म कपड़ों या कंबल के दान को भी शुभ बताया गया है। मान्यता है कि ऐसा करने से जीवन में आर्थिक समृद्धि आती है और दरिद्रता दूर होती है।

ब्राह्मणों को भोजन कराना या मीठे व्यंजनों का दान करना भी कार्तिक पूर्णिमा के दिन अत्यंत फलदायी माना गया है।

धार्मिक मान्यता के अनुसार, कार्तिक पूर्णिमा के दिन स्नान से पहले गंगाजल या यमुनाजल मिलाकर स्नान करना चाहिए और सच्चे भाव से दान का संकल्प लेकर ही दान करना चाहिए। ऐसा करने से भगवान विष्णु और मां लक्ष्मी की विशेष कृपा प्राप्त होती है और जीवन में सुख-समृद्धि बनी रहती है।