कार्तिक पूर्णिमा पर आस्था का सैलाब : गंगा घाटों पर उमड़े भक्त, प्रशासन अलर्ट

  • Post By Admin on Nov 05 2025
कार्तिक पूर्णिमा पर आस्था का सैलाब : गंगा घाटों पर उमड़े भक्त, प्रशासन अलर्ट

नई दिल्ली : कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर आज देशभर के पवित्र घाटों पर आस्था और श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है। सुबह तड़के से ही अयोध्या, हरिद्वार, प्रयागराज, रायबरेली और पटना के एनआईटी घाटों पर लाखों श्रद्धालु पवित्र नदियों में डुबकी लगाकर पुण्य अर्जित कर रहे हैं।

हरिद्वार के गंगा घाटों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु स्नान और दीपदान कर रहे हैं। धार्मिक मान्यता है कि कार्तिक पूर्णिमा के दिन पवित्र नदियों में स्नान करने से सौ गुना पुण्य प्राप्त होता है और जीवन के पाप नष्ट हो जाते हैं।

हरिद्वार के पंडितों ने बताया कि कार्तिक पूर्णिमा वर्ष की सबसे बड़ी पूर्णिमा होती है। इस दिन गंगा स्नान, दीपदान और दान का विशेष महत्व होता है। “भक्त 365 दीपों का दान कर रहे हैं, जो पूरे वर्ष के शुभ दिनों का प्रतीक है,” एक पुरोहित ने कहा।

अयोध्या में भी ब्रह्म मुहूर्त से ही श्रद्धालु सरयू घाटों पर स्नान करने पहुंचे। भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के सख्त इंतजाम किए हैं। पुलिस बल की तैनाती के साथ ड्रोन से भीड़ पर नजर रखी जा रही है।

अयोध्या के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर ने बताया कि घाटों को जोनवार बांटकर सुरक्षा व्यवस्था की गई है, ताकि भीड़ पर नियंत्रण रहे। जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे ने बताया कि रात से ही श्रद्धालुओं का आगमन शुरू हो गया था और उनके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। कंट्रोल रूम और सीसीटीवी कैमरों से निगरानी लगातार जारी है।

प्रयागराज में संगम तट पर स्नान करने पहुंचे श्रद्धालुओं ने कहा कि यह आध्यात्मिक अनुभव अद्भुत है और प्रशासनिक व्यवस्था भी संतोषजनक है। महिला श्रद्धालुओं ने बताया कि पूर्णिमा का महत्व अत्यधिक है, इसलिए हर कोई इस दिन गंगा स्नान के लिए पहुंच रहा है।

बिहार, रायबरेली और अन्य जिलों में भी श्रद्धालु पवित्र स्नान और दान-पुण्य में जुटे हैं। स्थानीय बाजारों में गुड़ और तिल से बने व्यंजन व प्रसाद की बिक्री तेज है। घाटों पर मंत्रोच्चार, आरती और दीपदान से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा है।