पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से पर्यावरण भारती ने जन्मदिन पर किया वृक्षारोपण
- Post By Admin on May 25 2025
.jpg)
लखीसराय : पर्यावरण संरक्षण को लेकर जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से पर्यावरण भारती द्वारा रविवार, 25 मई 2025 को पिपरिया ग्राम में एक सराहनीय पहल की गई। संगठन ने आयुषी विद्या के जन्मदिवस के अवसर पर फलदार नींबू और पुष्पों के पौधों का वृक्षारोपण किया। इस कार्यक्रम का नेतृत्व पर्यावरण प्रहरी प्रशांत कुमार यदुवंशी ने किया।
कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण भारती के संस्थापक रामबिलास शाण्डिल्य ने कहा कि भारत की 140 करोड़ की आबादी अगर अपने जन्मदिवस पर केवल एक पौधा भी लगाए, तो हर वर्ष 140 करोड़ नए पेड़ लग सकते हैं और वह भी बिना किसी सरकारी सहायता के। उन्होंने कहा कि जन्मदिन पर लाखों रुपये खर्च किए जाते हैं, लेकिन अगर उसी दिन एक वृक्ष लगाया जाए और घी के दीप जलाकर दीर्घायु जीवन का आशीर्वाद दिया जाए, तो वह न केवल सांस्कृतिक रूप से समर्पित कार्य होगा, बल्कि पर्यावरण के प्रति भी जिम्मेदारी दर्शाएगा।
शाण्डिल्य ने आगे कहा कि आज अंधाधुंध जंगलों की कटाई से धरती का हरित संतुलन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। जहां 33% वन क्षेत्र अनिवार्य है, वहां मात्र 15% ही शेष रह गया है। उन्होंने कोरोना काल की याद दिलाते हुए कहा कि जब कृत्रिम ऑक्सीजन की भारी कमी हुई थी, तब प्रकृति की भूमिका सभी ने महसूस की थी। इसलिए हर व्यक्ति को अपने आस-पास कम से कम 10 पेड़ अवश्य लगाने चाहिए, जिससे न केवल उसका परिवार बल्कि पूरा पड़ोस प्राकृतिक ऑक्सीजन से लाभान्वित हो।
जलवायु परिवर्तन पर चिंता जताते हुए उन्होंने कहा कि ज्येष्ठ माह में जहां तेज गर्मी होनी चाहिए, वहां आज भारी बारिश, भूस्खलन, चक्रवात जैसी प्राकृतिक आपदाएं सामने आ रही हैं। यह संकेत है कि अब मानवता को प्रकृति के संरक्षण की दिशा में ठोस कदम उठाने होंगे।
कार्यक्रम में प्रशांत कुमार यदुवंशी, आयुषी विद्या, आराध्या कुमारी, तेजस्वी केशव, रामबिलास शाण्डिल्य और नेहा कुमारी सहित कई लोगों ने सहभागिता निभाई। कार्यक्रम के दौरान वृक्षारोपण को जन्मदिवस जैसे महत्वपूर्ण अवसर से जोड़ने की अपील करते हुए इसे एक यादगार और सतत कार्य बताया गया।