किशोर किशोरियों के लिए सम्मेलन का आयोजन, समस्याओं पर चर्चा और समाधान की पहल
- Post By Admin on Nov 23 2024

लखीसराय : महिला एवं बाल विकास निगम और यूनिसेफ के सहयोग से बाल रक्षा भारत सेव द चिल्ड्रेन द्वारा संचालित उड़ान परियोजना के तहत शनिवार को बाल अधिकार पखवाड़ा के अंतर्गत किशोर किशोरियों का विशेष सम्मेलन महिला सशक्तिकरण कार्यालय में आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में किशोर-किशोरियों ने अपनी समस्याओं और विचारों को साझा किया। जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र ने सम्मेलन का उद्घाटन करते हुए बाल अधिकारों के महत्व और उनके संरक्षण पर चर्चा की।
उन्होंने कहा कि बाल अधिकारों के प्रति जागरूकता से बाल विवाह, बाल श्रम और सामाजिक कुरीतियों पर अंकुश लगाया जा सकता है। उन्होंने किशोरियों को पढ़ाई पूरी करने और शादी 21 वर्ष की आयु के बाद करने की सलाह दी। कार्यक्रम में जिला मिशन समन्वयक प्रशांत कुमार ने मिशन शक्ति योजना की जानकारी देते हुए बताया कि महिला सशक्तिकरण हब या टोल-फ्री नंबर 181 पर शिकायत या परामर्श लिया जा सकता है। वित्तीय साक्षरता विशेषज्ञ अमित कुमार ने बच्चों को स्वावलंबी और सशक्त बनाने पर जोर दिया। उड़ान परियोजना के जिला समन्वयक आरिफ हुसैन ने बाल अधिकारों और शिक्षा पर जागरूकता बढ़ाने की अपील की।
श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी ने आयुष्मान कार्ड, श्रम कार्ड और अन्य सरकारी योजनाओं के लाभों की जानकारी दी। वहीं, वन स्टॉप सेंटर की केंद्र प्रशासक पूनम कुमारी ने बाल अधिकार, बाल विवाह, महिला सुरक्षा और स्वच्छता पर चर्चा की। सम्मेलन के दौरान किशोर-किशोरियों ने अपनी समस्याओं को लेकर जिला पदाधिकारी को मांग पत्र सौंपा। बच्चों द्वारा पेंटिंग प्रस्तुत की गई और उनके बीच कंपास का वितरण भी किया गया। कार्यक्रम में लैंगिक विशेषज्ञ नवीन कुमार, लेखा सहायक सुमित कुमार, परामर्शी नूतन कुमारी सहित कई अधिकारी और दर्जनों किशोर-किशोरी समूह के सदस्य उपस्थित रहे।