राष्ट्रीय बालिका दिवस पर जिलाधिकारी ने बालिकाओं के सशक्तिकरण पर दिया जोर

  • Post By Admin on Jan 25 2025
राष्ट्रीय बालिका दिवस पर जिलाधिकारी ने बालिकाओं के सशक्तिकरण पर दिया जोर

दरभंगा : समाहरणालय स्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर सभागार में शुक्रवार को राष्ट्रीय बालिका दिवस का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी राजीव रौशन ने की और बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के दस वर्षों की सफलता के अवसर पर दीप जलाकर कार्यक्रम का उद्घाटन किया। इस कार्यक्रम का आयोजन महिला एवं बाल विकास निगम द्वारा किया गया।

कार्यक्रम में जिलाधिकारी के साथ-साथ अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारियों, जैसे राकेश रंजन (ओएसडी गोपनीय प्रभारी), सत्येंद्र प्रसाद (उप निदेशक जनसंपर्क) और चांदनी सिंह (जिला प्रोग्राम पदाधिकारी, महिला एवं बाल विकास निगम) भी उपस्थित रहे।

चांदनी सिंह ने बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना और अन्य सरकारी योजनाओं जैसे प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना, मिशन शक्ति और मुख्यमंत्री नारी शक्ति योजना के बारे में विस्तार से जानकारी दी। 

उन्होंने कन्या भ्रूण हत्या रोकने के लिए चलाए जा रहे अभियान और प्रसवपूर्व लिंग परीक्षण के रोकथाम हेतु पीसीपीएनडीटी एक्ट के महत्व को भी बताया। इसके अलावा उन्होंने सभी विभागों से इस योजना को सफल बनाने के लिए बेहतर समन्वय स्थापित करने की अपील की।

जिला पदाधिकारी ने कार्यक्रम के दौरान बालिकाओं के साथ “कॉफी पर संवाद” कार्यक्रम भी आयोजित किया। जिसमें उन्होंने बालिकाओं को राष्ट्रीय बालिका दिवस की शुभकामनाएं दीं।

अपने संबोधन में जिलाधिकारी राजीव रौशन ने कहा, “बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ भारत सरकार का एक संकल्प है, जो अब 10 वर्षों का सफर तय कर चुका है। हमारी संस्कृति में हमेशा से नारी और बच्चियों को सम्मान दिया गया है।” उन्होंने यह भी कहा कि बालिकाओं को समान अवसर मिलते हैं तो वे अपनी शिक्षा, कौशल और आत्मविश्वास में वृद्धि कर सकती हैं और वे अपने सपनों को साकार कर सकती हैं।

इस अवसर पर बीबीबीपी चैंपियन करीना कुमारी को कला उत्सव में नेशनल के लिए चयनित होने पर और कुमारी दीक्षा को थिएटर में प्रथम पुरस्कार प्राप्त करने पर सम्मानित किया गया। साथ ही, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की 50 बालिकाओं को अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस के मौके पर पेंटिंग प्रतियोगिता में प्रथम और द्वितीय स्थान प्राप्त करने के लिए प्रशस्ति पत्र और उपयोगी सामग्री देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान बेटी जन्मोत्सव के अवसर पर श्रेय गुप्ता, अनुराधा कुमारी, मरियम और अननाया के नाम पर पौधारोपण किया गया और उनकी माताओं को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का संचालन महिला विकास निगम की प्रबंधक अजमातुन निशा ने किया। अंत में जिला मिशन समन्वयक ऋषि कुमार ने सभी प्रतिभागियों और अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापन किया।

इस आयोजन के माध्यम से बालिकाओं के अधिकारों, उनके सशक्तिकरण और उनके सामने आने वाली चुनौतियों पर जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया गया। राष्ट्रीय बालिका दिवस बालिकाओं के कल्याण और उनके बेहतर भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।